आर.सी. व्यास कॉलोनी विद्यालय में स्पोर्ट्स ड्रेस वितरण, बच्चों में दिखा भारी उत्साह

भीलवाड़ा। शहर के आर.सी. व्यास कॉलोनी स्थित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय (वार्ड नं. 8) में बैडमिंटन मॉर्निंग क्लब के तत्वावधान में विद्यार्थियों के लिए खेल पोशाक वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्लब के सदस्यों और विद्यालय प्रशासन ने मिलकर बच्चों को खेलकूद के प्रति प्रोत्साहित किया।
आयोजन का शुभारंभ क्लब सदस्यों एवं विद्यालय प्रधानाध्यापिका मोनिका शर्मा द्वारा माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन और वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात विधायक प्रतिनिधि एवं मॉर्निंग क्लब सदस्य अमित काबरा सहित अन्य गणमान्य सदस्यों ने विद्यालय के छात्र-छात्राओं को कुल 12 स्पोर्ट्स ड्रेस वितरित कीं।
इस अवसर पर अमित काबरा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि शिक्षा का एक अनिवार्य हिस्सा है। इससे बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास संतुलित रूप से होता है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को नियमित रूप से मैदान पर उतरने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
विद्यालय प्रशासन के अनुसार, खेल पोशाक मिलने से विद्यार्थियों के आत्मविश्वास में बढ़ोतरी होगी और खेलों के प्रति उनकी रुचि जगेगी। ड्रेस पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। कार्यक्रम में मॉर्निंग क्लब के अनिल मोतियानी, श्रेयांश नाहर, सपना नथरानी, निर्मल बाफना सहित कई सदस्यों का विशेष सहयोग रहा।
इस दौरान विद्यालय स्टाफ के राजेंद्र कुमार काबरा, गरिमा चौहान, पूजा शर्मा, हर्षिता विजय, सोनिया धाकड़, सुनीता वैष्णव के साथ अभिभावक व स्थानीय नागरिक उपस्थित थे। अंत में विद्यालय परिवार ने सभी का आभार जताया।
