राज्य सरकार का प्रयास ‘‘एक जिला एक उत्पाद‘‘ को प्रोत्साहन -अतिरिक्त जिला कलक्टर

भीलवाडा । राजस्थान दिवस समारोह के अवसर पर ओडीओपी मेला/प्रदर्शनी शुभारंभ रविवार को ग्रामीण हाट में किया गया। मेले का उद्घाटन अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) प्रतिमा देवटिया द्वारा मौली बंधन खोलकर किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि प्रशांत मेवाड़ा भी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ की गई। इसके पश्चात अतिथियों द्वारा मेले का अवलोकन किया गया तथा विभिन्न स्टॉलों पर प्रदर्शित उत्पादों की जानकारी प्राप्त की गई।

उद्योग विभाग के संयुक्त आयुक्त एवं महाप्रबंधक कमलेश कुमार मीना ने बताया कि ओडीओपी मेला एवं प्रदर्शनी में जिले के प्रमुख उत्पाद टेक्सटाइल से जुड़े उद्यमियों द्वारा स्टॉल लगाए गए हैं। मेले में लगभग 25 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें मैसर्स आईकोर एक्टिव वियर, मैसर्स साई सखी आर्गेनिक मिल्क, मैसर्स चित्रक गारमेंट, मैसर्स आनंद स्पीनर, मैसर्स महाकाल टैक्सफेब प्रा.लि. द्वारा टेक्सटाइल उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई । टैक्सटाइल उत्पादों के साथ-साथ प्लांट्स, हैंडमेड उत्पाद,हस्तशिल्प प्रोडेक्ट, इमिटेशन ज्वैलरी, फूड प्रोडक्ट अन्य स्थानीय उत्पादों की भी आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई है जिसमें टैक्सटाइल अंतर्गत कुर्तियां, रेडीमेड वस्त्र, डेनिम, फैब्रिक, सूटिग्स के साथ साथ अचार, पापड़, चोकलेट, मुरब्बे, बैग, पौधै, खादी उत्पाद, ज्वैलरी, हर्बल प्रोडेक्ट की स्टाल आगंतुकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र हैं।

कार्यक्रम के दौरान मेवाड़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के मानद महासचिव आर.के. जैन, लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष शंभू प्रसाद काबरा, जनसंपर्क विभाग के एपीआरओ ईशांत काबरा, रीको एआरएम निशांत कुमावत, लघु उद्योग भारती सदस्य कमलेश मूणोत, अजय मूंदड़ा, सीए मुकेश सुवालका, अमित भालावत, अमित जैन आनंद स्पीनर के मालिक मनोज जैन सहित अधिकारीगण, उद्यमी उपस्थित रहे।

यह मेला जिला प्रशासन एवं जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र, भीलवाड़ा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। मेले का आयोजन 15 मार्च से 19 मार्च 2026 तक किया जाएगा, जबकि मेले के अंतिम दिन 19 मार्च 2026 को फूड फेस्टिवल का आयोजन भी किया जाएगा।इस मेले का उद्देश्य जिले के स्थानीय उत्पादों, विशेषकर टेक्सटाइल उद्योग को प्रोत्साहित करना तथा उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन के लिए मंच उपलब्ध कराना है।

मेले आयोजन की कड़ी में 16 मार्च को सांय 5.00 बजे गोल्ड मेडल प्राप्त योग प्रशिक्षक सुरेश कुमार के तत्वाधान में ग्रुप योगासन की प्रस्तुति दी जायेगी। 17 मार्च को लोक कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। 18 मार्च को उद्योग एवं वाणिज्य विभाग की ओर से दिन में औद्योगिक प्रोत्साहन शिविर एवं कार्यशाला का आयोजन किया जायेगा तथा 19 मार्च को सांय 4.00 बजे से फूड फेस्टिवल का आयोजन किया जायेगा जिसमें भाग लेने हेतु कार्यालय में नोडल अधिकारी डिम्पल लक्षकार, नितेश कुमार जांगिड़ मो.न.8233290535 से सम्पर्क कर पंजीयन कराया जा सकता है।

Next Story