हमीरगढ़ में बाबा रामदेव मंदिर में मूर्ति स्थापना व प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न

हमीरगढ़ में बाबा रामदेव मंदिर में मूर्ति स्थापना व प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न
X

हमीरगढ़ (राजाराम वैष्णव) । नगरपालिका हमीरगढ़ क्षेत्र के रेगर समाज की ओर से लोक देवता बाबा रामदेव जी के मंदिर में मूर्ति स्थापना एवं प्राण-प्रतिष्ठा का भव्य धार्मिक आयोजन श्रद्धा और आस्था के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। धार्मिक अनुष्ठान के दौरान पांच वेदाचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सभी विधि-विधान पूर्ण करवाए। शुक्रवार सुबह 7:15 बजे भव्य कलश यात्रा एवं शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर नाचते-गाते हुए उत्साहपूर्वक भाग लिया। शोभायात्रा में समाजजन एवं ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी। रात्रि में आयोजित भजन संध्या में विभिन्न भजन गायकों ने बाबा रामदेव जी के भक्तिमय भजनों की प्रस्तुतियां दीं, जिससे पूरा वातावरण भक्तिरस में सराबोर हो गया। अभिजीत मुहूर्त में दोपहर 12:15 बजे विधि-विधान के साथ बाबा रामदेव जी की मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न करवाई गई। कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं को भोजन प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कई गणमान्य जन उपस्थित रहे तथा आयोजन को सफल बनाने में समाज के लोगों का विशेष योगदान रहा।

Next Story