रायसिंहपुरा विद्यालय के छात्रों का लगातार दूसरे वर्ष स्टेट सायकलिंग प्रतियोगिता में चयन, ग्रामीणों में उत्साह

भीलवाड़ा (हलचल)। रा. उ. प्रा. वि. रायसिंहपुरा के लिए यह गर्व का क्षण है कि विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने लगातार दूसरे वर्ष सायकलिंग प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। इस सफलता से पूरे गाँव में हर्ष और उत्साह का माहौल है।
पिछले वर्ष नियुक्त हुई शारीरिक शिक्षिका रेखा जाट ने विद्यालय में खेलों के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार किया, जिसका प्रतिफल इस वर्ष स्पष्ट दिखाई दे रहा है। विद्यालय के गणेश गाडरी ने 500 मीटर सायकलिंग इवेंट में छात्र वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्टेट स्तर के लिए चयन हासिल किया। इसी तरह पायल बलाई ने भी 500 मीटर छात्रा वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया और स्टेट में चयनित हुईं।
टीम प्रभारी अशोक वर्मा ने बताया कि विद्यालय के विद्यार्थियों ने जिले में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर न केवल विद्यालय बल्कि क्षेत्र का भी नाम रोशन किया है। गौरतलब है कि पिछले वर्ष भी विद्यालय के दो विद्यार्थियों ने जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया था।
शारीरिक शिक्षिका रेखा जाट ने बताया कि विद्यार्थियों ने बीते छह महीनों से निरंतर अभ्यास कर यह सफलता अर्जित की है। विद्यालय परिवार सदैव बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ खेलों को भी प्रोत्साहित करता है। सभी स्टाफ सदस्य बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं।
