बोर्ड परीक्षाओं में आत्मविश्वास से ही मिलती है सफलता, पुर में छात्राओं को मिला प्रेरणादायी मार्गदर्शन


पुर. माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं में विद्यार्थियों को पूरे आत्मविश्वास, समर्पण और सकारात्मक सोच के साथ भाग लेना चाहिए, क्योंकि आत्मविश्वास ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। ये विचार भाजपा गणेश मंडल अध्यक्ष मुकेश सोनी ने राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, पुर के वार्षिकोत्सव एवं शुभकामना समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में व्यक्त किए।

उन्होंने कहा कि परीक्षा जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव होती है, किंतु घबराने की नहीं बल्कि पूरे मनोयोग से तैयारी करने की आवश्यकता होती है। नियमित अध्ययन, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन से प्रत्येक छात्रा उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकती है। कार्यक्रम में भामाशाह गोपाल कृष्ण पलोड ने विद्यालय में शैक्षिक प्रोत्साहन एवं भौतिक सुविधाओं के विस्तार हेतु सराहनीय घोषणाएँ करते हुए दसवीं बोर्ड परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा को 1100 रुपये, द्वितीय स्थान को 500 रुपये तथा तृतीय स्थान को 300 रुपये देने की घोषणा की। साथ ही विद्यालय की सभी खिड़कियों में काँच लगवाने की घोषणा कर विद्यालय विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

इस अवसर पर पूर्व पार्षद लाभ शंकर चौबे, सूरज विश्नोई, पूर्व सहवृत्त पार्षद योगेश सोनी, महावीर व्यास एवं निर्मल सिंघवी सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में खेल, परीक्षा परिणाम एवं अनुशासन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि प्राप्त करने वाली छात्राओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिससे छात्राओं में उत्साह एवं प्रतिस्पर्धात्मक भावना का संचार हुआ। विद्यालय के उप प्राचार्य योगेश दाधीच द्वारा बोर्ड परीक्षार्थियों के मार्गदर्शन हेतु लिखी गई प्रेरक बुकलेट ‘परीक्षा के पथ पर’ का वितरण छात्राओं को किया गया। बुकलेट में परीक्षा की रणनीति, समय प्रबंधन, मानसिक संतुलन एवं आत्मविश्वास बढ़ाने से संबंधित उपयोगी सुझाव दिए गए हैं, जिससे छात्राओं को परीक्षा तैयारी में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन मिलेगा। विद्यालय की प्राचार्य भारती शर्मा ने सभी अतिथियों एवं भामाशाह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता निरुपमा यादव ने प्रभावशाली एवं सुव्यवस्थित रूप से किया। इस अवसर पर स्टाफ के मुकेश जोशी, मधुबाला छीपा, अनिता मीणा, आलिशा जैन, बसन्तबाला जोशी, नरेंद्र कुमार पारीक, विद्या डोडवानी, सीमा बैरवा, पूजा दाधीच, श्रुति सारस्वत, मंगलेश्वर राजौरा उपस्थित रहे।

Next Story