शिक्षकों ने काली पट्टी बांधकर अवकाश कटौती पर जताया विरोध

भीलवाड़ा । शिविरा पंचांग 2026–27 में ग्रीष्मावकाश व संस्था प्रधान द्वारा घोषित अवकाश में की गई कटौतियों के विरोध में राजस्थान शिक्षक संघ (सियाराम) के प्रदेश नेतृत्व के आव्हान पर जिले भर में शिक्षकों ने काली पट्टी बांधकर सांकेतिक विरोध जताया हैं ।
संगठन के जिलाध्यक्ष राजेंद्र कुमार शर्मा और जिलामंत्री महेश मंडोवरा ने बताया कि राजस्थान की भौगोलिक परिस्थितियों व भीषण गर्मी को देखते हुए जून माह में विद्यालय खोलना पूर्णतया अव्यावहारिक है। क्षेत्रीय व स्थानीय उत्सवों एवं आयोजनों में राजकीय अवकाश नहीं होने पर भी वहाँ के शत प्रतिशत बालकों की भागीदारी उसमें रहती है,इसी कारण से संस्था प्रधान द्वारा दो अवकाश घोषित किए जाने का प्रावधान रखा गया था । शिक्षा विभाग द्वारा इस प्रकार के गलत व अव्यावहारिक आदेश के विरोध स्वरूप आज जिले भर में सैकड़ों शिक्षकों ने अपने कार्यस्थल पर विरोध स्वरूप काली पट्टी बांध कर अपनी ड्यूटी का निर्वहन किया । प्रदेश संगठन मंत्री लीलाधर तिवारी ने बताया कि विरोध की इसी कड़ी में 20 अप्रैल को राजस्थान के हर जिले में जिला कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिया जाएगा।
