बाबा धाम में 18वां पाटोत्सव हर्षोल्लास के साथ संपन्न, छप्पन भोग व भजन संध्या ने बिखेरी भक्ति की छटा

भीलवाड़ा। शहर के प्रसिद्ध बाबा धाम में सोमवार, 30 मार्च को 18वां पाटोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। इस विशेष अवसर पर मंदिर परिसर में सुबह से ही उत्सव का माहौल रहा, जहां सभी देवी-देवताओं का विशेष अभिषेक एवं विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। पाटोत्सव की खुशी में भक्तों द्वारा मावे का केक काटकर बाबा की महिमा का गुणगान किया गया।
दो दिवसीय इस महोत्सव का आगाज रविवार, 29 मार्च की शाम को हुआ। महोत्सव के पहले दिन शाम 7:15 बजे भगवान को छप्पन भोग लगाया गया, जिसके दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। इसके पश्चात आयोजित भव्य भजन संध्या में स्थानीय कलाकारों ने भजनों की प्रस्तुति दी, जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया। रात्रि 11:15 बजे महाआरती का आयोजन किया गया। इस उत्सव के लिए पूरे मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी झिलमिलाती लाइटों, आकर्षक फर्रियों और ताजे फूलों से दुल्हन की तरह सजाया गया।
तैयारियों को लेकर सौंपी गई जिम्मेदारियां
बाबा धाम के अध्यक्ष विनीत अग्रवाल के सानिध्य में पाटोत्सव को भव्य रूप देने हेतु विशेष बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें विभिन्न कमेटियों का गठन कर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गई। मीडिया प्रभारी राजेश नैनावटी ने जानकारी दी कि 18वें पाटोत्सव के मुख्य अनुष्ठानों, अभिषेक और ध्वजा रोहण की संपूर्ण जिम्मेदारी आचार्य पंडित शिव कुमार जोशी, आचार्य पंडित योगेन्द्र शर्मा, आचार्य पंडित गौतम गोविंद एवं उनकी टीम द्वारा बखूबी निभाई गई।
