मोड़ का निम्बाहेड़ा में अवैध कोयला भट्टियों को प्रशासन ने किया ध्वस्त

भीलवाड़ा। मोड़ का निम्बाहेड़ा गांव में अवैध रूप से संचालित की जा रही कोयला भट्टियों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर 8 अवैध कोयला भट्टियों को बुलडोजर की मदद से ध्वस्त कर दिया।
प्रशासन को निर्माणाधीन अवैध कोयला भट्टियों के संचालन की सूचना मिली थी, जिस पर राजस्व विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पटवारी नारायण कुमावत ने जांच की और कुल 8 कोयला भट्टियां अवैध पाई गईं।
जांच के बाद जेसीबी मशीन का उपयोग कर इन सभी अवैध भट्ठियों को जमींदोज कर दिया गया। यह कार्रवाई अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से की गई है।
इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण लगा है। प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से ग्रामीणों में संतोष का माहौल है और उन्होंने पर्यावरण संरक्षण व कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन के इस कदम की सराहना की है।
