अरावली बचाओ व मनरेगा समर्थन में कांग्रेस की जन-जागरण रैली 27 दिसंबर को

भीलवाड़ा | भारतीय जनता पार्टी की केंद्र व राज्य सरकार द्वारा अरावली पर्वतमाला में खनन पट्टे आवंटित किए जाने तथा मनरेगा को कमजोर/निरस्त करने के प्रयासों के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी, भीलवाड़ा शहर द्वारा शनिवार को जन-जागरण रैली का आयोजन किया जाएगा। यह रैली राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के निर्देशानुसार आयोजित की जा रही है।
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि अरावली पर्वतमाला न केवल राजस्थान की ऐतिहासिक धरोहर है, बल्कि यह प्रदेश की जीवनरेखा भी है। आरोप है कि षड्यंत्रपूर्वक खनन माफियाओं को लाभ पहुंचाने के लिए अरावली क्षेत्र में खनन को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे पर्यावरण और जनजीवन पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा है। साथ ही मनरेगा जैसी जनकल्याणकारी योजना को कमजोर करने के प्रयासों के खिलाफ कांग्रेस सड़क पर उतर रही है।
रैली का कार्यक्रम
जन-जागरण रैली प्रातः 12:15 बजे भोपाल क्लब के बाहर गांधीजी की प्रतिमा से प्रारंभ होकर रेलवे स्टेशन चौराहा होते हुए अंबेडकरजी की प्रतिमा तक जाएगी।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के निवर्तमान पदाधिकारी, सांसद प्रत्याशी, विधायक व विधायक प्रत्याशी, पूर्व विधायक, निवर्तमान पार्षद, पार्षद प्रत्याशी, पूर्व पार्षद, ब्लॉक व मंडल अध्यक्ष-कार्यकारिणी, अग्रिम संगठन, प्रकोष्ठ एवं विभागों के पदाधिकारी, बूथ अध्यक्ष सहित समस्त कांग्रेसजन उपस्थित रहेंगे।
जिलाध्यक्ष शिवराम जी.पी. खटीक ने सभी वरिष्ठ कांग्रेसजनों और कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में शामिल होकर रैली को सफल बनाने की अपील की है।
