सामाजिक निरस्त भूखंडों की बहाली को लेकर प्रतिनिधिमंडल ने विधायक कोठारी से की मुलाकात

भीलवाड़ा । शहर की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के निरस्त किए गए भूखंडों की बहाली की मांग को लेकर सभी समाजों के प्रतिनिधियों ने आज भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी जी से उनके कार्यालय पर मुलाकात की। जयकार समाज के प्रदेश अध्यक्ष दुर्गालाल बारेठ के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि पूर्ववर्ती राज्य सरकार द्वारा गरीब एवं पिछड़े समाजों को राज्यपाल की स्वीकृति से 10 प्रतिशत दर पर आवंटित किए गए भूखंडों को वर्तमान सरकार द्वारा निरस्त कर दिया गया, जो अन्याय पूर्ण निर्णय है। प्रतिनिधियों ने कहा कि नगर विकास न्यास में कार्यरत कर्मचारियों से संबंधित कुछ समाजों तथा अन्य आवेदकों को डिमांड लेटर जारी कर दिए गए हैं, जबकि कई समाजों के साथ अन्याय हुआ है।
निरस्त भूखंडों से प्रभावित समाजों में जयकार समाज, धोबी समाज, लखारा समाज, बुनकर समाज, बड़ा पालीवाल समाज, नामदेव समाज, कुमावत समाज, गौतम ब्रह्म समाज, रंगरेज समाज, अरोड़ा खत्री समाज सहित अन्य समाज शामिल हैं।
इस पर विधायक अशोक कुमार जी कोठारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि वे इस विषय को मंत्रिमंडल के समक्ष रखकर शीघ्र ही निरस्त भूखंडों की पुनः बहाली और आवंटन का प्रयास करेंगे।
इस अवसर पर लादूलाल फोगा, कैलाश अरोड़ा, धर्मेंद्र लखावत, गोपाललाल जोशी, गोपाल पालीवाल, सिराजुद्दीन रंगरेज, मनोहरलाल बुनकर, सुरेश कुमावत, राकेश कुमावत, राकेश पुरोहित तथा कैलाश चंद्र ट्रेलर सहित अनेक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
