जसवंतपुरा राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय की जर्जर स्थिति से बच्चों की सुरक्षा को खतरा

बेरां (भैरूलाल गुर्जर)। बनेड़ा उपखंड क्षेत्र के बेरा ग्राम पंचायत के जसवंतपुरा राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय की बिल्डिंग जर्जर स्थिति में है, जिससे छात्रों के जीवन पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। बारिश का पानी स्कूल में भरा होने के कारण भवन की स्थिति और खराब हो गई है।
शुक्रवार को सरपंच प्रतिनिधि सुवालाल गुर्जर, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष महावीर सिंह और ग्रामीण अचानक औचक निरीक्षण पर विद्यालय पहुंचे। निरीक्षण में देखा गया कि स्कूल की बिल्डिंग के पीछे धर्म तालाब में पानी भरा हुआ है, जो धीरे-धीरे भवन में रिसकर पूरे विद्यालय ग्राउंड में पानी भर रहा है। इससे बच्चों के बैठने की व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। भवन के प्लास्टर गिर रहे हैं और पूरी बिल्डिंग जर्जर हालत में है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
सरपंच प्रतिनिधि सुवालाल गुर्जर ने बताया कि विद्यालय की समस्या को जिला शिक्षा अधिकारी, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी एवं उच्च अधिकारियों को अवगत करवा दिया गया है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। प्रधानाचार्य ने भी कहा कि वर्तमान भवन कभी भी गिर सकता है।
विद्यालय का दुर्भाग्य यह है कि भामाशाह द्वारा बनाई गई बिल्डिंग में सरकार ने केवल तीन कमरे बनवाए, बाकी निर्माण भामाशाह के सहयोग से किया गया था। अब तक किसी जनप्रतिनिधि या सरकार की ओर से कार्य नहीं हुआ।
विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष महावीर सिंह ने कहा कि ग्रामीणों द्वारा कई बार शिक्षा विभाग और स्थानीय प्रशासन को लिखित शिकायत दी गई, लेकिन विभाग की लापरवाही किसी बड़ी अनहोनी को न्योता दे सकती है। वर्तमान में 11 कक्षा की नींव कमजोर है और भवन संरचनात्मक रूप से सुरक्षित नहीं है।
ग्राम वासियों की मांग है कि बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नए भवन की स्वीकृति तुरंत दी जाए, अन्यथा ग्रामीण अगला कदम उठाने पर मजबूर होंगे।
निरीक्षण के दौरान उपस्थित ग्रामीणों में किशन लाल माली, राजू लाल सुथार, राजू लाल माली, नानूराम लादू, दुर्गा लाल, रतन लाल माली, विमल रेगर, सीमा शायरी, भेरूलाल, सुवालाल और रामप्रसाद शामिल थे, जिन्होंने विद्यालय की स्थिति और समस्याओं की आवाज प्रशासन तक पहुँचाई।
