सरेरी स्थित श्री बजरंग गोपाल गौशाला में 33 केवी लाइन के जर्जर पोल से गौवंश पर मंडरा रहा खतरा

सरेरी स्थित श्री बजरंग गोपाल गौशाला में 33 केवी लाइन के जर्जर पोल से गौवंश पर मंडरा रहा खतरा
X

मोड़ का निंबाहेड़ा । आसींद क्षेत्र के ब्राह्मणों की सरैरी स्थित श्री बजरंग गोपाल गौशाला में से होकर गुजर रही हाईटेंशन 33 केवी विद्युत लाइन के जर्जर पोल गौवंश के लिए गंभीर खतरा बने हुए हैं। गौशाला प्रबंधन के अनुसार कई पोल टूटे हुए हैं और आए दिन शॉर्ट सर्किट की घटनाओं से आगजनी की स्थिति बन रही है।

गौशाला में वर्तमान में 350 से अधिक गौवंश आश्रय लिए हुए हैं, जिनकी सुरक्षा को लेकर संचालकों ने गहरी चिंता जताई है। प्रबंधन का कहना है कि प्रशासन, विद्युत विभाग और जनप्रतिनिधियों को कई बार लिखित व मौखिक रूप से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

गौशाला समिति के सदस्यों ने बताया कि बिजली विभाग के कर्मचारियों को अनेक बार सूचना देने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। उनका आरोप है कि विभाग किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार कर रहा है, जबकि हालात लगातार गंभीर होते जा रहे हैं।

स्थानीय लोगों ने भी मांग की है कि टूटे हुए पोल तुरंत बदले जाएं, हाईटेंशन लाइन को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया जाए या आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए जाएं, ताकि गौवंश और गौशाला परिसर को संभावित हादसे से बचाया जा सके। गौशाला प्रबंधन ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने पर मजबूर होंगे।

Next Story