विकसित कृषि संकल्प अभियान से बदलेगी किसानों की दिशा और दशा-डॉ. यादव

भीलवाड़ा। कृषि विज्ञान केन्द्र, कृषि विभाग, उद्यान विभाग एवं इफको के संयुक्त तत्त्वावधान में भीलवाड़ा में विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत् वैज्ञानिक प्रतिदिन तीन गाँवों में कृषि प्रदर्शनी एवं जागरूकता कार्यक्रम और किसान गोष्ठी का आयोजन कर खेती की नवीनतम तकनीकी और खेती के दौरान आने वाली समस्याओं का निदान किया जा रहा है।
कृषि विज्ञान केन्द्र भीलवाड़ा के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. सी. एम. यादव ने बताया कि कृषि एवं किसान कल्याण मन्त्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित विकसित कृषि संकल्प अभियान एक राष्ट्रव्यापी अभियान है जिससे किसानों की दिशा और दशा बदलेगी। अभियान के तहत् सोमवार को कोटड़ी पंचायत समिति के गाँव सवाईपुर, आकोला और बड़लियास में कृषि प्रदर्शनी एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन कियास गया। डॉ. यादव ने रासायनिक खेती एवं प्राकृतिक खेती में भेद स्पष्ट करते हुए बताया कि किस प्रकार रसायन मृदा एवं मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है तथा प्राकृतिक खेती के कृषि लागत भी कम आती है। डॉ. यादव ने कृषि में उन्नत कृषि यन्त्रों के प्रयोग द्वारा समय एवं श्रम बचाने की आवश्यकता प्रतिपादित की तथा घर पर ही पशुओं के लिए सन्तुलित आहार बनाना बताया। बारानी कृषि अनुसंधान केन्द्र आरजिया के मुख्य वैज्ञानिक डॉ. ललित छाता ने मशरूम उत्पादन हेतु आवश्यक जलवायु, प्रमुख किस्में, पैकेजिंग, भण्ड़ारण एवं विपणन के बारे में जानकारी दी। शस्य वैज्ञानिक डॉ. के. सी. नागर ने बारानी क्षेत्रों में फसल उत्पादन, वर्षा जल संरक्षण एवं खरपतवार प्रबन्धन के बारे में बताया। मीव किसान बाजार कृषक उत्पादक संगठन के निदेशक महावीर शर्मा ने कृषक उत्पादक संगठन के गठन की प्रक्रिया बताते हुए तिलहनी फसलों के मूल्य संवर्धन द्वारा अधिक आय अर्जित करने का सुझाव दिया। तकनीकी सहायक अनिता यादव ने केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा कृषक हितार्थ चलाई जा रही योजनाओं से लाभ लेने पर जोर दिया। वरिष्ठ अनुसंधान अध्येता संजय बिश्नोई ने किसानों का पंजीयन कर फीडबैक लिया। कार्यक्रम में सवाईपुर सरपंच महावीर सुवालका, जिला परिषद् सदस्य भँवर लाल जाट, सहायक कृषि अधिकारी पीयूष प्रकाश त्रिवेदी, कृषि अधिकारी कजोड़मल गुर्जर, उपनिदेशक आत्मा मीना कुमारी, इफको के लाला राम चौधरी, कृषि पर्यवेक्षक सत्येन्द्र मीणा, किशन लाल गुर्जर, विमला मीणा आदि मौजूद रहे।