सर्किट हाउस के दरवाजे अब आम लोगों के लिए भी खुले

भीलवाड़ा। राजस्थान सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने एक अहम निर्णय लेते हुए प्रदेश के सभी सर्किट हाउस के द्वार अब निजी मेहमानों के लिए भी खोल दिए हैं। विभाग के संयुक्त शासन सचिव दाताराम द्वारा जारी नवीन आदेशों के बाद अब भीलवाड़ा के सर्किट हाउस में भी आम नागरिक ठहर सकेंगे। इस फैसले से सर्किट हाउस में रौनक बढ़ने की संभावना है।
सामान्य प्रशासन विभाग के आदेश के अनुसार सर्किट हाउस में आवास की सुविधा और पूर्व आरक्षण विभागीय नियमों के अधीन रहेगी। सरकारी दौरों पर आने वाले अधिकारियों को प्राथमिकता दी जाएगी, जबकि सरकार के मंत्रियों के लिए सर्किट हाउस के दरवाजे सदैव खुले रहेंगे। इसके बाद उपलब्धता के आधार पर निजी बुकिंग स्वीकार की जाएगी।
राजस्थान के सर्किट हाउस अपनी भव्यता और बेहतरीन लोकेशन के लिए जाने जाते हैं। यहां ठहरने वाले मेहमानों को किफायती और सुरक्षित आवास के साथ शहर के मुख्य केंद्रों में स्थित शांत और सुरक्षित वातावरण मिलेगा।
सर्किट हाउस में शुद्ध और पारंपरिक राजस्थानी भोजन के साथ कस्टमाइज्ड डाइट की सुविधा भी उपलब्ध होगी। हेरिटेज लुक और आधुनिक सुविधाओं से लैस बड़े कमरे, एसी, वाई-फाई और टीवी जैसी सुविधाएं खास आकर्षण होंगी। इसके अलावा पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था और टहलने के लिए सुंदर लॉन भी उपलब्ध रहेंगे। अधिक जानकारी और बुकिंग के लिए इच्छुक व्यक्ति विभागीय पोर्टल या विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर संपर्क कर सकते हैं।
