पंचवटी में खुला आठवां शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर, विधायक कोठारी ने किया लोकार्पण

भीलवाड़ा। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में आज भीलवाड़ा शहर को एक और बड़ी सौगात मिली है। पंचवटी क्षेत्र में नवनिर्मित शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर का भव्य लोकार्पण सोमवार को विधायक अशोक कोठारी की अध्यक्षता एवं भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा के विशिष्ट आतिथ्य में संपन्न हुआ।
यह शहर का 8वां और जिले का 18वां केंद्र है, जो स्थानीय निवासियों को घर के पास ही उच्च स्तरीय प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।
सुविधाओं का विस्तार: 14 जांचें और 150 प्रकार की दवाएं नि:शुल्क
इस केंद्र के शुरू होने से आमजन को छोटी-बड़ी बीमारियों के इलाज के लिए अब महात्मा गांधी अस्पताल की भीड़-भाड़ में नहीं जाना पड़ेगा। केंद्र की मुख्य विशेषताएं निम्न हैं:
विशेषज्ञ स्टाफ: केंद्र पर डॉक्टर सहित कुल 7 कर्मियों का स्टाफ तैनात रहेगा।
जांच सुविधा: यहां 14 प्रकार की लैब जांचें पूरी तरह नि:शुल्क की जाएंगी।
नि:शुल्क दवाएं: मरीजों को 100 से 150 प्रकार की आवश्यक दवाएं बिना किसी शुल्क के उपलब्ध होंगी।
समय: यह केंद्र सुबह और शाम, दोनों पारियों में सेवा के लिए खुला रहेगा।
इन क्षेत्रों को मिलेगा सीधा लाभ
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए विधायक अशोक कोठारी ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पंचवटी में इस केंद्र के खुलने से बड़ी हरणी, छोटी हरणी, समेलिया और ओडों का खेड़ा जैसे क्षेत्रों के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। अब उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए शहर के मुख्य अस्पताल तक दौड़ने की आवश्यकता नहीं होगी।
विधायक कोठारी ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने आयुष्मान कार्ड की उपयोगिता बढ़ाते हुए राजस्थान के निवासियों को दूसरे राज्यों में भी नि:शुल्क इलाज की सुविधा सुनिश्चित की है, जो स्वास्थ्य क्षेत्र में एक क्रांतिकारी कदम है। इस अवसर पर नगर विकास न्यास के पूर्व चेयरमैन लक्ष्मीनारायण डाड, कन्हैयालाल स्वर्णकार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे ।
