बाण माता शक्तिपीठ गोवटा बांध पर चैत्र नवरात्र महोत्सव का भव्य आगाज़, दान पात्र से पांच लाख से अध‍िक की राश‍ि न‍िकली

बाण माता शक्तिपीठ गोवटा बांध पर चैत्र नवरात्र महोत्सव का भव्य आगाज़, दान पात्र से पांच लाख से अध‍िक की राश‍ि न‍िकली
X

आकोला (रमेश चंद्र डाड)। क्षेत्र के प्रसिद्ध बाण माता शक्तिपीठ मंदिर, गोवटा बांध पर चैत्र नवरात्र घट स्थापना महोत्सव हर्षोल्लास के साथ शुरू हुआ। नवरात्र के पावन अवसर पर संपूर्ण मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे फूलों और आकर्षक लाइटिंग से सजाया गया है।

शक्तिपीठ विकास संस्थान के अध्यक्ष अशोक कुमार शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि महोत्सव की शुरुआत से पूर्व अमावस्या को श्रद्धालुओं एवं संस्थान के पदाधिकारियों की उपस्थिति में दान पात्र खोला गया, जिसमें ₹5,74,578 की सहयोग राशि प्राप्त हुई। शुभ मुहूर्त में विद्वान पंडितों द्वारा वेद मंत्रोच्चार और गाजे-बाजे के साथ घट स्थापना की गई। मंदिर में नियमित पूजा-अर्चना, गायत्री अनुष्ठान और शतचंडी यज्ञ के आयोजन किए जा रहे हैं।

आगामी प्रमुख कार्यक्रम:

23 मार्च (पंचमी): प्रभात फेरियों का विशाल महासंगम और भव्य जागरण।

25 मार्च (बुधवार): पाटोत्सव के तहत दोपहर 12:15 बजे हवनात्मक दुर्गा पाठ, रुद्राभिषेक और महाआरती।

अष्टमी: महारात्र जागरण में श्रद्धालुओं के लिए रात्रि भर विशेष दर्शन व्यवस्था। भजन संध्या में प्रसिद्ध गायक पूरण गुर्जर, युवराज वैष्णव, सोनू भीलवाड़ा और अनु पांचाल अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

27 मार्च (समापन): प्रातः 11:15 बजे छप्पन भोग की झांकी सजाई जाएगी। इसके पश्चात शोभायात्रा निकालकर मेनाली नदी पर पाती विसर्जन होगा और महाप्रसाद वितरित किया जाएगा।

निशुल्क सेवा एवं जन सहयोग:

संस्थान द्वारा लकवा ग्रस्त रोगियों के लिए नियमित रूप से निशुल्क नाश्ते और भोजन की व्यवस्था की जा रही है, जिसमें दानदाताओं से सहयोग की अपेक्षा की गई है। इस महोत्सव में राजस्थान के अलावा मध्य प्रदेश, गुजरात और उत्तर प्रदेश से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।

इस अवसर पर संस्थान के अध्यक्ष अशोक कुमार शर्मा, नंदकिशोर सनाढ्य, कन्हैया लाल धाकड़, अमरनाथ योगी, धनराज कुमावत, प्रमोद कुमार धाकड़, लादू लाल, बालू सिंह, खाना धाकड़, धर्मचंद जैन, शंभू सिंह सहित अनेक भक्तगण उपस्थित रहे।

Tags

Next Story