गौसेवकों की सजगता से बची गौवंश की जान, नगर निगम की लापरवाही उजागर

भीलवाड़ा|श्री राम गौसेवा समिति ने सुबह सांगानेरी गेट के पास अमानवीय घटना सामने आने पर घायल गौवंश की जान बचाई। समिति के राम लखन ने बताया कि सुबह चंदन पूरी से सूचना मिली थी कि सांगानेरी गेट के पास बगीची क्षेत्र में कचरा स्टैंड पर एक गोवंश घायल अवस्था में पड़ा है।
सूचना मिलते ही श्री राम गौसेवा समिति से राम जी, राजू जी साहू और जसराज जी मौके पर पहुंचे। प्रारंभ में बछड़ा दिखाई नहीं दिया। वहां मौजूद कचरा एकत्र करने वालों से पूछताछ की गई तो पता चला कि बछड़ा कचरे के नीचे दबा हुआ है। जब कचरे का ढेर हटाया गया तो देखा गया कि बछड़ा कचरे के मलबे में दबा हुआ था और गंभीर रूप से घायल था।
गौसेवकों ने तत्काल कचरे को हटाकर बछड़े को बाहर निकाला। बछड़ा जीवित था लेकिन खून से लथपथ हालत में था। उसे तुरंत गौ सेवा रथ के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर महेश द्वारा उसका उपचार किया गया। फिलहाल बछड़े की हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना को लेकर गौसेवकों में गहरा रोष है। उनका आरोप है कि नगर निगम के ऑटो टिपर चालकों द्वारा लापरवाही से गौवंश के ऊपर कचरा डाला गया, जिससे यह गंभीर स्थिति उत्पन्न हुई। गौसेवकों ने इस मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
