आसींद में पालिका प्रशासन ने चलाया स्वच्छता अभियान, होटलों पर कागज के डिस्पोजल प्रतिबंधित

भीलवाड़ा। आसींद नगर पालिका प्रशासन की ओर से शनिवार को शहर के प्रमुख बाजारों में स्वच्छ भारत मिशन के तहत विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पालिका टीम ने बाजार क्षेत्र का निरीक्षण कर व्यापारियों और होटल संचालकों को स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक किया। इस दौरान होटलों पर कागज से बने डिस्पोजल कप और प्लेट के उपयोग पर प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए गए।
पालिका अधिकारियों ने बताया कि कागज के डिस्पोजल से गंदगी बढ़ती है और इनके निस्तारण में भी परेशानी आती है। ऐसे में पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए होटल संचालकों को मिट्टी से बने कुल्हड़ और अन्य मिट्टी के बर्तनों का उपयोग करने की हिदायत दी गई है। अधिकारियों ने कहा कि मिट्टी के बर्तन पर्यावरण के अनुकूल होते हैं और इससे स्थानीय कारीगरों को भी रोजगार मिलेगा।
अभियान के दौरान कई होटल संचालकों को मौके पर ही समझाइश दी गई। पालिका प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि निर्देशों की अवहेलना करने वाले होटल संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पालिका प्रशासन ने आमजन से भी शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।
