गंगापुर के वार्ड 8 में प्रस्तावित श्मशान भूमि को स्वीकृति का इंतजार, शव के अंतिम संस्कार के साथ फिर उठी मांग

गंगापुर । नगर पालिका गंगापुर के वार्ड संख्या 8 में लंबे समय से प्रस्तावित श्मशान भूमि की स्वीकृति का मामला सोमवार को एक बार फिर गरमा गया। दरअसल, वार्ड संख्या 8 स्थित इसी प्रस्तावित भूमि पर रोशन तेली (हाल निवासी भीलों की बस्ती, मूल निवासी दरीबा) का अंतिम संस्कार किया गया, जिसके बाद क्षेत्रवासियों ने प्रशासन के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया।
चार वर्षों से लंबित है मांग, भू-माफियाओं का साया
क्षेत्रवासियों का कहना है कि पिछले चार वर्षों से इस भूमि को श्मशान के रूप में अधिकृत करने और चारदीवारी निर्माण की मांग की जा रही है। समाजसेवी राम प्रसाद माली ने बताया कि वार्ड 8 और आसपास की बस्तियों में सैकड़ों परिवार रहते हैं। पुराने श्मशान की दूरी अधिक होने के कारण शव यात्रा ले जाने में भारी परेशानी होती है। चर्चा है कि इस प्रस्तावित भूमि के पास कुछ रसूखदार भू-माफियाओं की जमीनें हैं। यदि यहाँ श्मशान स्वीकृत होता है, तो उनकी जमीनों की कीमतें गिर सकती हैं, जिसके कारण इस जनहित के कार्य में अड़ंगे लगाए जा रहे हैं।
प्रशासन से शीघ्र समाधान की उम्मीद
सोमवार को हुए अंतिम संस्कार के दौरान स्थानीय लोगों ने एकजुट होकर नगर पालिका प्रशासन से मांग की कि जनभावनाओं का सम्मान करते हुए इस भूमि को जल्द स्वीकृति दी जाए। ग्रामीणों ने यहाँ चारदीवारी और रास्ते जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की अपील की है ताकि भविष्य में किसी को असुविधा न हो।
