आसींद की सड़क बदहाल, 700 मीटर में हादसों का खतरा, बाइक सवार हो रहे है चौट‍िल

आसींद की सड़क बदहाल, 700 मीटर में हादसों का खतरा, बाइक सवार हो रहे है चौट‍िल
X

भीलवाड़ा। आसींद में नेशनल हाईवे-158 पर नगर से गुजरने वाला लगभग 700 मीटर का हिस्सा इन दिनों आमजन के लिए बड़ी परेशानी और हादसों का कारण बन गया है। खारी नदी के पुल से लेकर प्रेस क्लब चौराहे तक सड़क की हालत बेहद खराब है।

स्थानीय नागरिकों ने इस संबंध में कई बार प्रशासन को अवगत कराया है और विरोध प्रदर्शन भी किए हैं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकल पाया है।

स्थानीय निवासी देवीलाल माली ने बताया कि दीपावली के आसपास सड़क चौड़ीकरण के लिए दोनों ओर के मकानों को गिरा दिया गया था। छह महीने बीत जाने के बाद भी सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। इस अधूरे काम के कारण लगातार धूल उड़ रही है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों का स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है। कई महिलाएं और पुरुष बीमार पड़ गए हैं और उनका इलाज चल रहा है।

इस 700 मीटर के दायरे में लगभग 50 से 60 परिवार निवास करते हैं। मकान टूटने के बाद कई परिवारों को खुले में खाना बनाने और सोने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। इसके अलावा, विद्यालय जाने वाले छात्र-छात्राओं और राहगीरों को भी इस बदहाल सड़क के कारण भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

हाल ही में शुक्रवार को चितांबा निवासी मांगीलाल योगी अपनी बाइक से फिसलकर गिर गए, जिससे उनका एक हाथ फ्रैक्चर हो गया। आसपास के दुकानदारों ने उन्हें संभाला और आसींद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। कुछ ही देर बाद एक अन्य बाइक चालक भी अपनी पत्नी के साथ कीचड़ और गड्ढों के कारण गिर गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, मार्ग पर जगह-जगह गहरे गड्ढे और कीचड़ जमा है। बारिश या पानी भरने से ये गड्ढे और कीचड़ और भी खतरनाक हो जाते हैं, जिससे बाइक और चारपहिया वाहन लगातार फिसल रहे हैं। निवासियों का कहना है कि इस मार्ग पर प्रतिदिन तीन से चार सड़क हादसे हो रहे हैं।

नगरवासियों ने प्रशासन से तत्काल सड़क निर्माण कार्य शुरू करने और जब तक निर्माण पूरा नहीं होता, तब तक वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे लगातार हो रहे हादसों पर रोक लगाई जा सकेगी और आमजन को राहत मिलेगी।

Tags

Next Story