बुनकर भाम्बी समाज की हुंकार! जमीन मिली नहीं तो खुद खरीदेंगे

भीलवाड़ा में बुनकर भाम्बी समाज कल्याण समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसमें समाज के विकास से जुड़े अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी होली स्नेह-मिलन कार्यक्रम की रूपरेखा तय करना और छात्रावास के लिए भूमि आवंटन के प्रयासों की समीक्षा करना रहा। बैठक की अध्यक्षता सुवालाल गुगरवाल ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में दीपचन्द सोलंकी मौजूद रहे।
बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने अपने विचार साझा करते हुए समाज के विद्यार्थियों के लिए छात्रावास निर्माण को अत्यंत आवश्यक बताया। भूमि आवंटन में संभावित देरी को देखते हुए वैकल्पिक रूप से कृषि भूमि खरीदने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से इस प्रस्ताव को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने का निर्णय लिया। बैठक के अंत में होली के उत्सव का उल्लास भी देखने को मिला, जहां सभी सदस्यों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं। इसी अवसर पर सुवालाल गुगरवाल ने छात्रावास निर्माण के लिए 5 लाख 1 हजार रुपये की सहयोग राशि देने की घोषणा की। इससे पहले भी वे 5 लाख 1 हजार 101 रुपये का योगदान दे चुके हैं। उनके इस सहयोग के लिए सभी सदस्यों ने आभार व्यक्त किया। समाजसेवी कार्यों के लिए नानालाल गहलोत और कुंदन धूमड़ा को ऊपरना, साफा और स्मृति-तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया गया।
बैठक में जगदीश चन्द्र चौहान, कृष्णचन्द्र बेगड़, रतनलाल बेगड़, जवाहरलाल, किशनलाल धूमड़ा, नानालाल गहलोत, बर्दीचन्द बेगड़, दीपचन्द सोलंकी, हनुमान प्रसाद गर्वा, प्रदीप चौहान, कमलेश पुनड, कुंदन धूमड़ा, कन्हैयालाल पन्नू, सुखदेव, महेन्द्र मुहानिया, प्रकाशचन्द्र बेगड़, मुकेशचन्द्र बेगड़, नरेन्द्र बुनकर, राहुल चौहान, चन्द्रप्रकाश, चन्द्रेश बुनकर, लोकेश बुनकर, मनोहरलाल बुनकर, जगदीशचन्द्र और नारायणलाल सहित समाज के अनेक सदस्य मौजूद रहे।
