सनातन मंगल महोत्सव की सवा दो लाख की भेंट अब गौमाता के नाम!

सनातन मंगल महोत्सव की सवा दो लाख की भेंट अब गौमाता के नाम!
X

भीलवाड़ा । वस्त्रनगरी की पावन धरा पर आस्था, सेवा और समर्पण का एक अभूतपूर्व संगम देखने को मिला है। स्थानीय हरि शेवा उदासीन आश्रम सनातन मंदिर में आयोजित 'सनातन मंगल महोत्सव' के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित की गई भेंट राशि को गौ-सेवा जैसे पुनीत कार्य के लिए समर्पित कर दिया गया।

19 फरवरी से 26 फरवरी तक चले इस भव्य दीक्षा कार्यक्रम, श्रीमद्भागवत कथा और यज्ञशाला में भक्तों ने श्रद्धापूर्वक दान पात्रों में जो राशि अर्पित की थी, उसे सोमवार को महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन ने मुस्कान फाउंडेशन, भीलवाड़ा को सौंप दिया। कुल 2,52,358 रुपए की यह राशि अब निराश्रित गौवंश की सेवा में खर्च की जाएगी।

भीषण गर्मी में गौमाता को मिलेगा सहारा

महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन ने बताया कि सनातन संस्कृति में गौ-सेवा को सर्वोपरि माना गया है। मुस्कान फाउंडेशन इस धनराशि का उपयोग भीलवाड़ा व आसपास के क्षेत्रों में गौ-सेवा, चारे के प्रबंध और आगामी भीषण गर्मी को देखते हुए जल की 'पोह' व्यवस्था जैसे सेवा कार्यों में करेगा। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में करुणा और धर्म के प्रति नई जागरूकता पैदा करते हैं।

संत समाज और प्रबुद्ध जनों की गरिमामयी उपस्थिति

इस पुनीत कार्य के अवसर पर संत मायाराम, संत राजाराम, संत गोविन्द राम, संत केशव राम, ब्रह्मचारी मिहिर सहित चाँदमल सोमानी, सुरेश गोयल, ईश्वर आसनानी, देवीदास गेहानी, कन्नू जगत्यानी, सुरजीत सर्वा, जय गुरनानी, दीपक केशवानी, पल्लवी वच्छानी और राजा टिकयानी समेत कई श्रद्धालु मौजूद रहे। सभी ने गौ-सेवा के इस महायज्ञ में अपनी सहभागिता पर गर्व व्यक्त किया।

Tags

Next Story