भीलवाड़ा के सोमाणी परिवार की थमी सांसें: सात समंदर पार फंसे अपनों के लिए घर में अखंड ज्योत

भीलवाड़ा के सोमाणी परिवार की थमी सांसें: सात समंदर पार फंसे अपनों के लिए घर में अखंड ज्योत
X

भीलवाड़ा। खुशियां मनाने और सुनहरे सपनों को समेटने की चाहत लेकर भीलवाड़ा से सात समंदर पार दुबई गए परिवारों के लिए आज हर पल किसी डरावने साये जैसा बीत रहा है। इजरायल, अमेरिका और ईरान के बीच छिड़े भीषण युद्ध की आग ने संयुक्त अरब अमीरात के दुबई शहर के आसमान को भी दहला दिया है। इस वैश्विक संघर्ष की तपिश अब भीलवाड़ा के वीर सावरकर चौक तक पहुंच चुकी है, जहां दिनेश सोमाणी का पूरा परिवार अपने जिगर के टुकड़ों की सलामती के लिए पल-पल दुआएं मांग रहा है।

शहर के वीर सावरकर चौक निवासी दिनेश सोमाणी के पुत्र इंजीनियर आदित्य सोमाणी, सुचिता सोमाणी, रौनक बाहेती, नवीन देवपुरा, साक्षी सोनी और आस्था पगारिया सहित परिवार के छह सदस्य 23 फरवरी को छुट्टियां बिताने दुबई गए थे।

होटल की बालकनी से दिख रहा मौत का तांडव

आदित्य ने दूरभाष पर जो दास्तां सुनाई, वह रूह कंपा देने वाली है। उन्होंने बताया, "हम बुर्ज खलीफा के पास एक होटल में ठहरे हैं। 2 मार्च को हमारी वापसी थी, लेकिन अचानक आसमान मिसाइलों और धमाकों से थर्रा उठा। होटल की बालकनी से हम साफ देख पा रहे हैं कि कैसे आसमान में हवाई हमलों को डिफेंड किया जा रहा है। हर धमाके के साथ कलेजा मुंह को आता है। आंखों की नींद उड़ चुकी है, बस अब किसी तरह वतन वापसी की तड़प है।"

7 मार्च की उम्मीद, पर अनिश्चितता का पहरा

युद्ध की विभीषिका के चलते अंतरराष्ट्रीय हवाई यातायात पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। भारत आने वाली उड़ानें लगातार निरस्त हो रही हैं। सोमाणी परिवार अब 7 मार्च की उम्मीद लगाए बैठा है, लेकिन युद्ध के बिगड़ते हालातों ने सबको होटल के कमरों में 'कैद' रहने पर मजबूर कर दिया है।

भीलवाड़ा में पसरा सन्नाटा, दादी का रो-रोकर बुरा हाल

इधर, भीलवाड़ा स्थित सोमाणी निवास पर सन्नाटा पसरा है। दिनेश सोमाणी और पूरा कुनबा टीवी स्क्रीन और मोबाइल फोन से नजरें नहीं हटा पा रहा है। घर में चूल्हा जलना भी दूभर हो गया है। सबसे बुरा हाल आदित्य की दादी का है, जो अपने पोतों की सलामती के लिए बिलख रही हैं। परिवार में अखंड ज्योत और पूजा-पाठ का दौर जारी है। दिनेश सोमाणी ने बच्चों की सुरक्षित वापसी के लिए बुधवार को सांसद दामोदर अग्रवाल से भी मुलाकात की, जिन्होंने भारत सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों का भरोसा दिलाया है।

Tags

Next Story