बनेड़ा में तीन दिवसीय महाशिवरात्रि महोत्सव का समापन, पहलवानों ने दिखाया दमखम

बनेड़ा (केके भंडारी)। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी बनेड़ा में तीन दिवसीय महाशिवरात्रि महोत्सव का भव्य शुभारंभ शुक्रवार शाम को हुआ। आयोजन समिति के सुरेश माली ने बताया कि श्री झालरा महादेव व्यायामशाला एवं मंदिर विकास ट्रस्ट के तत्वावधान में झालरा महादेव मंदिर के 1010वें स्थापना दिवस के उपलक्ष में महोत्सव की शुरुआत संगीतमय सुंदरकांड पाठ के साथ की गई।
महोत्सव के द्वितीय दिवस शनिवार 14 फरवरी को रात्रि 8.15 बजे से कुश्ती दंगल का आयोजन हुआ, जिसमें पहलवानों ने अपना दमखम दिखाया। शंकर लाल माली ने बताया कि कुश्ती दंगल में 30-40 किलोग्राम वर्ग में प्रथम स्थान दर्शन माली तथा द्वितीय स्थान लक्षित माली ने प्राप्त किया। 40-50 किलोग्राम वर्ग में प्रथम स्थान अंशु माली और द्वितीय स्थान शिवराज माली रहे। 50-60 किलोग्राम वर्ग में प्रथम स्थान मनीष माली तथा द्वितीय स्थान सोनू माली ने हासिल किया। 60-70 किलोग्राम वर्ग में प्रथम स्थान मोनू माली और द्वितीय स्थान सांवर माली रहे। इस दौरान नन्हे-मुन्ने पहलवानों के मुकाबले विशेष आकर्षण का केंद्र रहे और दर्शकों ने तालियों से उत्साहवर्धन किया।
महोत्सव के समापन दिवस 15 फरवरी रविवार को प्रातः महाअभिषेक का आयोजन हुआ, जिसमें अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे। शाम 7.15 बजे महाआरती के बाद झालरा महादेव को छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा तथा महाप्रसाद वितरित किया जाएगा। रात्रि 9.15 बजे से भजन संध्या का आयोजन हुआ।
महोत्सव के दौरान विशाल मेला प्रांगण में भव्य मेले का भी आयोजन किया गया है, जहां बच्चों और युवाओं द्वारा झूले, चकरी और डोलरों का आनंद लिया जा रहा है। साथ ही विभिन्न खाने-पीने की स्टालों पर भी श्रद्धालु उत्साहपूर्वक भाग ले रहे।
