भीलवाड़ा की सड़कों पर गूंजेगी घोष की धुन, आदर्श विद्या मंदिर का विराट पथ संचलन कल

​भीलवाड़ा । विद्या भारती के सहयोग से नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के उपलक्ष में शहर के सेक्टर-ए शास्त्रीनगर स्थित आदर्श विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय के तत्वावधान में गुरुवार, 22 जनवरी को 'विराट पथ संचलन' का भव्य आयोजन किया जाएगा। विद्या भारती के सचिव कैलाश सराफ ने बताया कि विद्यालय की प्रबन्ध समिति और विद्यालय परिवार द्वारा आयोजित यह संचलन माघ शुक्ल पक्ष चतुर्थी के पावन अवसर पर निकाला जा रहा है, जिसमें सैकड़ों विद्यार्थी पूर्ण गणवेश में कदमताल करते हुए राष्ट्रभक्ति और अनुशासन का संदेश देंगे। कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है और विद्यार्थियों में इसे लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। ​निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यह विराट पथ संचलन प्रातः 11.15 बजे विद्यालय परिसर से विधिवत रूप से प्रारंभ होगा। संचलन विद्यालय से रवाना होकर बड़ला चौराहा, जुनावास, होलिका का ठान और बड़ा मन्दिर होते हुए हिन्दू महासभा कार्यालय पहुंचेगा। यहाँ से घोष की धुन पर कदमताल करते हुए स्वयंसेवक भीमगंज थाना, सूचना केन्द्र और गोल प्याऊ चौराहा से गुजरेंगे। इसके पश्चात संचलन नेताजी सुभाष मार्केट, सिंघल हॉस्पिटल, सिटी कोतवाली और सिन्धुनगर से होते हुए गुरूद्वारा पहुंचेगा। अंतिम चरण में संचलन गुरू गोविन्द सिंह चौराहा से होता हुआ पुनः विद्यालय परिसर पहुंचकर संपन्न होगा। पूरे मार्ग में विभिन्न संगठनों और शहरवासियों द्वारा पुष्प वर्षा कर संचलन का स्वागत किया जाएगा।

Tags

Next Story