रामधाम विरक्ताश्रम में गूंजेगी रामचरितमानस की चौपाइयां, 19 मार्च से सजेगा 71वां नवाह पारायण महायज्ञ

रामधाम विरक्ताश्रम में गूंजेगी रामचरितमानस की चौपाइयां, 19 मार्च से सजेगा 71वां नवाह पारायण महायज्ञ
X



भीलवाड़ा । हमीरगढ़ रोड स्थित श्री रामधाम विरक्ताश्रम में आस्था और भक्ति का उल्लास परवान चढ़ेगा। श्री रामधाम रामायण मंडल ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित होने वाले 71वें अष्टोत्तरशत श्रीरामचरितमानस नवाह पारायण महायज्ञ एवं वार्षिक महोत्सव की तैयारियां जोरों पर हैं। ट्रस्ट के सचिव अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि इस नौ दिवसीय आध्यात्मिक अनुष्ठान का विधिवत शुभारंभ चैत्र शुक्ल एकम, गुरुवार 19 मार्च को होगा, जो चैत्र शुक्ल नवमी (राम नवमी) 26 मार्च तक अनवरत जारी रहेगा। प्रतिदिन प्रातः 7:15 बजे से 10:00 बजे तक विख्यात कथावाचक व्यास पीठ से पंडित घनश्याम उपाध्याय (माण्डल वाले) मानस की चौपाइयों के माध्यम से भक्तों को भावविभोर करेंगे। महोत्सव के दौरान 26 मार्च को राम नवमी के पावन अवसर पर दोपहर 12:15 बजे श्रीराम जन्मोत्सव की धूम रहेगी, वहीं इसी दिन सायं 6:00 बजे प्रभु को छप्पन भोग धराया जाएगा। कार्यक्रम की पूर्णता शुक्रवार 27 मार्च को प्रातः 10 बजे यज्ञ की पूर्णाहुति के साथ होगी, जिसमें आचार्यत्व पं. रामू जी शर्मा द्वारा संपन्न कराया जाएगा। ट्रस्ट ने पाठ में बैठने के इच्छुक श्रद्धालुओं से आह्वान किया है कि वे समय रहते अपना पंजीकरण करवा लें। इसके लिए ललित हेड़ा, कृष्ण गोपाल कचोलिया, राकेश सिंघल एवं छगन गुगलिया को प्रभारी नियुक्त किया गया है। आश्रम में आयोजन को लेकर भक्तों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

Next Story