उपभोक्ता अधिकार समिति युवा इकाई ने टेक्सटाइल मार्केट की समस्याओं को लेकर नगर निगम भीलवाड़ा को सौंपा ज्ञापन

भीलवाड़ा। उपभोक्ता अधिकार समिति युवा इकाई द्वारा आज नगर निगम आयुक्त के नाम सह आयुक्त हरनारायण माली को ज्ञापन सौंपकर भीलवाड़ा टेक्सटाइल मार्केट में व्याप्त विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की गई।
युवा जिला अध्यक्ष अंकित सोमानी ने जानकारी देते हुए बताया कि भीलवाड़ा टेक्सटाइल मार्केट पूरे राजस्थान में टेक्सटाइल हब के रूप में विख्यात है। यहां से देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी कपड़ों का निर्यात किया जाता है। प्रतिदिन देश-विदेश के व्यापारी यहां व्यापारिक गतिविधियों के लिए आते हैं। इसके बावजूद मार्केट क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं का अभाव गंभीर चिंता का विषय बना हुआ है।
उन्होंने बताया कि पूरे टेक्सटाइल मार्केट में जगह-जगह गंदगी फैली हुई है, सड़कें टूटी-फूटी हैं तथा नालियों के ढक्कन टूटे होने के कारण क्षेत्र में अव्यवस्था की स्थिति बनी हुई है। इन समस्याओं के कारण आए दिन छोटे-बड़े हादसे हो रहे हैं, जिससे व्यापारियों एवं आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन के माध्यम से नगर निगम प्रशासन का ध्यान इन गंभीर समस्याओं की ओर आकर्षित करते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने का निवेदन किया गया।
इस अवसर पर केंद्रीय प्रकोष्ठ अध्यक्ष सुनील राठी, पूर्व सभापति एवं केंद्रीय महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष मधु जाजू, महिला जिला अध्यक्ष अर्चना दुबे, महामंत्री हार्दिक सोनी, कोषाध्यक्ष त्रिदेव मूंदड़ा, उपाध्यक्ष हर्ष राठी, प्रवक्ता आशीष शाह, पूर्व पार्षद चेतन मानसिहका सहित अन्य सदस्य एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
