रतनगढ़ के बाजारों में मचा हड़कंप; किराना और डेयरी की दुकानें धड़ाधड़ हुई बंद

रतनगढ़:खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम के रतनगढ़ पहुंचने की सूचना मात्र से मंगलवार को शहर के व्यापारिक क्षेत्रों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मिलावटखोरी पर कार्रवाई की आशंका से किराना और डेयरी व्यवसायियों में हलचल मच गई और देखते ही देखते कई दुकानों के शटर गिर गए।
मिनटों में पसरा सन्नाटा.....
दोपहर बाद जैसे ही यह खबर फैली कि स्वास्थ्य विभाग की टीम सैंपलिंग के लिए शहर में प्रवेश कर चुकी है, मुख्य बाजार, बस स्टैंड क्षेत्र और आसपास की गलियों में स्थित किराना व दूध की दुकानों पर हड़कंप मच गया। कई दुकानदार ग्राहकों को बिना सामान दिए ही दुकानें बंद कर चले गए। कुछ ही मिनटों में बाजार में सन्नाटा पसर गया।
ग्राहक हुए परेशान
दूध और राशन लेने पहुंचे ग्राहकों को बंद शटरों से लौटना पड़ा। कई लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि सामान शुद्ध है तो कार्रवाई से डर कैसा? अचानक बंद से आमजन को अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ी।
व्यापारियों की प्रतिक्रिया
कुछ दुकानदारों ने अनौपचारिक बातचीत में कहा कि कार्रवाई केवल छोटी दुकानों पर ही क्यों होती है, जबकि मिलावट की जड़ बड़े स्तर पर होती है। उनका कहना है कि यदि जांच हो तो सभी स्तरों पर समान रूप से की जानी चाहिए।
शहर में दिनभर इस कार्रवाई की चर्चा बनी रही और देर शाम तक कई दुकानों ने एहतियातन शटर बंद ही रखे।
