निंबार्क आश्रम में उमड़ेगा आस्था का सैलाब: 22 को सजेगा फाग महोत्सव'

भीलवाड़ा । गांधीनगर स्थित निंबार्क आश्रम में 22 फरवरी को भक्ति और उमंग के साथ 'भव्य फाग महोत्सव' का आयोजन किया जाएगा। फाल्गुन मास की मस्ती और राधा-कृष्ण के प्रेम के रंग में रंगने के लिए शहर के श्रद्धालु पलक पांयडे बिछाए तैयार हैं। आयोजन को लेकर भक्तों और आयोजक परिवार द्वारा बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए आयोजक दिनेश शर्मा व नीलम शर्मा ने बताया कि इस महोत्सव में भक्तों को गुरुदेव महंत मोहन शरण जी महाराज का पावन सानिध्य प्राप्त होगा। उनके दिव्य सानिध्य में समूचा वातावरण भक्तिमय हो उठेगा। वहीं, भजनों की अमृत वर्षा के लिए सुप्रसिद्ध भजन गायक पंडित देवराज व्यास अपनी टीम के साथ विशेष प्रस्तुतियां देंगे, जो श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर देंगे। निंबार्क आश्रम में होने वाला यह कार्यक्रम दोपहर 3:00 बजे शुरू होकर शाम 5:00 बजे तक चलेगा। कार्यक्रम के दौरान भगवान के विग्रहों के साथ फूलों की होली और फाग के पारंपरिक गीतों का आनंद लिया जा सकेगा। समस्त राधा माधव भक्त परिवार ने शहर के सभी धर्मप्रेमियों और श्रद्धालुओं से इस पावन अवसर पर सपरिवार पधारकर धर्म लाभ उठाने और फाग के आनंद में सम्मिलित होने का आह्वान किया है।
