भीलवाड़ा अधिवक्ताओं के लिये होगा सामूहिक बीमा-अध्यक्ष राठौड़

भीलवाड़ा। जिला न्यायालय परिसर में जिला अभिभाषक संस्था की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। मीडिया प्रभारी गौड़ ने बताया कि अध्यक्ष उम्मेदसिंह राठौड़ की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में वकीलों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर 'सामूहिक बीमा योजना' का प्रस्ताव रखा गया।
अध्यक्ष राठौड़ ने कहा कि वकील समाज के पीड़ित वर्ग को न्याय दिलाने के लिए सदैव जोखिम उठाते हैं। इसी जोखिम को कम करने के लिए कार्यकारिणी ने सामूहिक बीमा, मेडिक्लेम और स्वास्थ्य बीमा योजना लागू करने का निर्णय लिया है। अधिवक्ताओं ने भी एकमत होकर इस पहल का समर्थन किया।
संस्था ने बीमा कंपनियों से सोमवार तक विस्तृत प्रपोजल मांगे हैं। इसमें बीमारियों का कवरेज, कैशलेस सुविधा वाले हॉस्पिटल और प्रीमियम की राशि की स्पष्ट जानकारी देनी होगी। सबसे कम प्रीमियम में अधिकतम सुविधा देने वाली कंपनी का चयन कर वकीलों का बीमा करवाया जाएगा। इस दौरान उपाध्यक्ष महिपाल सिंह, महासचिव पंकज दाधीच सहित कार्यकारिणी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
