बड़ा बदलाव:: राजस्थान में इस बार कम मिलेंगी गर्मियों की छुट्टियां, शिक्षा विभाग ने जारी किया नया शेड्यूल

भीलवाड़ा/जयपुर। राजस्थान के सरकारी स्कूलों में नए शिक्षा सत्र 2026-27 के शुरू होने से पहले स्कूल शिक्षा विभाग ने ग्रीष्मावकाश (गर्मियों की छुट्टियों) की नई तिथियां घोषित कर दी हैं। इस बार विद्यार्थियों और शिक्षकों को छुट्टियों में कटौती का सामना करना पड़ेगा। राजकीय विद्यालयों में ग्रीष्मावकाश अब 16 मई से 20 जून तक ही रहेगा। शिक्षा विभाग ने शिक्षण दिवसों की संख्या बढ़ाकर 214 करने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया है, ताकि शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार हो सके।
योग दिवस की समस्या का हुआ समाधान
पहले स्कूलों में ग्रीष्मावकाश 17 मई से 30 जून तक (कुल 45 दिन) होता था। अब इसे घटाकर 35 दिन कर दिया गया है। इस बदलाव के पीछे एक बड़ा कारण 21 जून को होने वाला अंतरराष्ट्रीय योग दिवस है। हर साल छुट्टियों के बीच योग दिवस के लिए स्कूल खोलने और शिक्षकों व विद्यार्थियों को बुलाने में परेशानी होती थी। अब छुट्टियां 20 जून को ही खत्म हो जाएंगी, जिससे 21 जून को सभी की उपस्थिति सुगम हो सकेगी।
शिक्षामंत्री ने शिक्षक संगठनों से किया संवाद
नए सत्र की तैयारियों को लेकर शिक्षामंत्री मदन दिलावर ने जयपुर स्थित शिक्षा संकुल में शिक्षक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस दौरान राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के तहत 1 अप्रैल से शुरू होने वाले सत्र और विभाग की विभिन्न योजनाओं पर चर्चा की गई। मंत्री ने शिक्षक नेताओं के सुझावों पर सकारात्मक विचार करने का भरोसा दिलाया।
शिक्षा सत्र 2026-27 के 10 प्रमुख बिंदु:
नया सत्र: 1 अप्रैल 2026 से औपचारिक शुरुआत।
शिक्षण दिवस: इस वर्ष कुल 214 दिन पढ़ाई होगी।
ग्रीष्मावकाश: 16 मई से 20 जून तक का समय निर्धारित।
मेगा PTM: 25 मार्च को अभिभावक-शिक्षक बैठक का आयोजन।
प्रवेशोत्सव: 27 मार्च, 6, 10 और 15 अप्रैल को विशेष नामांकन अभियान।
निशुल्क पुस्तकें: 1 अप्रैल को ही सभी विद्यार्थियों को किताबें मिलेंगी।
यूनिफॉर्म राशि: ड्रेस का पैसा सीधे बैंक खातों (DBT) में भेजा जाएगा।
स्वास्थ्य जांच: 16 अप्रैल से शाला स्वास्थ्य परीक्षण अभियान शुरू होगा।
निजी स्कूल: स्वास्थ्य जांच अभियान में निजी स्कूलों को भी जोड़ा जाएगा।
तंबाकू मुक्त परिसर: स्कूलों को गंदगी, प्लास्टिक और गुटखा-तंबाकू से मुक्त रखने पर सख्त जोर।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455
