शांता विहार में जाली काटकर सूने मकान में चोरी, तीन लाख का माल ले उड़े बदमाश

भीलवाड़ा। प्रतापनगर थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। शांता विहार कॉलोनी में बीती रात अज्ञात बदमाशों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए करीब तीन लाख रुपये के जेवरात और नकदी चोरी कर ली।
जानकारी के अनुसार 100 फीट रोड स्थित शांता विहार कॉलोनी में रहने वाले राजेंद्र सालवी अपने परिवार के साथ किसी काम से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने मौके का फायदा उठाया। बदमाशों ने मकान के पीछे खेत की ओर लगी सुरक्षा जाली को काटा और घर के अंदर प्रवेश किया। इसके बाद ताले तोड़कर अलमारियों से सोने चांदी के जेवरात और नकदी चुरा ली।
देवकरण माली
सुबह पड़ोसियों ने मकान के टूटे ताले देखे तो घटना का खुलासा हुआ। सूचना मिलने पर प्रतापनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस कॉलोनी के एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।घटना के बाद शांता विहार कॉलोनी के निवासियों में आक्रोश है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और चोरों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।
