बोर्डियास में खिड़की तोड़कर घर में घुसे चोर, गहने व नगदी पार

सवाईपुर क्षेत्र के बोर्डियास गांव में रविवार रात हुई चोरी की वारदात ने ग्रामीणों में दहशत फैला दी है। चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
सवाईपुर (सांवर वैष्णव)। सवाईपुर क्षेत्र के बोर्डियास गांव में रविवार रात को बेखौफ चोरों ने एक मकान को निशाना बनाया। चोरों ने घर की खिड़की तोड़कर प्रवेश किया और अलमारी में रखे सोने-चांदी के गहने व नकदी लेकर फरार हो गए।
सवाईपुर चौकी एएसआई प्यार चंद खटीक ने बताया कि चोरी की यह वारदात बोर्डियास निवासी किशन पिता भगवान सिंह रावणा राजपूत के घर पर हुई। चोरों ने शातिर तरीके से कमरे की खिड़की को तोड़ा और घर के अंदर दाखिल हुए।
लाखों के माल पर हाथ साफ
चोरों ने घर के अंदर रखी अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे कीमती सामान को खंगाला। पीड़ित के अनुसार अलमारी से:
सोना: लगभग एक तोला सोने के आभूषण।
चांदी: करीब 1 किलो चांदी के जेवरात।
नकदी: 15 हजार रुपये की नकदी।
चोर इन सभी सामानों को समेटकर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
पुलिस पहुंची मौके पर
सोमवार सुबह जब परिजनों को चोरी की जानकारी मिली, तो गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर सवाईपुर चौकी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
