संजय मित्तल के भजनों पर झूमे हजारों श्रद्धालु, चित्रकूट धाम बना खाटू श्याम का दिव्य दरबार

संजय मित्तल के भजनों पर झूमे हजारों श्रद्धालु, चित्रकूट धाम बना खाटू श्याम का दिव्य दरबार
X

भीलवाड़ा। वस्त्र नगरी भीलवाड़ा में शुक्रवार की रात भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा का एक ऐसा अनूठा संगम देखने को मिला, जिसने शहर को पूरी तरह ‘श्याममय’ कर दिया। अवसर था “13 की रात – सांवरे के साथ” भव्य भजन संध्या का, जहाँ नगर निगम स्थित चित्रकूट धाम में हजारों श्याम भक्तों ने पूरी रात बाबा के दरबार में हाजिरी लगाई।

श्री श्याम बालाजी मित्र सेवा संस्थान के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम के लिए विशेष तैयारियां की गई थीं। कोलकाता से मंगाए गए सुगंधित फूलों से बाबा का श्रृंगार किया गया और शंख-घंटियों की गूंज के साथ अखंड ज्योति प्रज्वलित कर आयोजन का आगाज हुआ।

भजन सम्राट संजय मित्तल ने बांधा समां

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण कोलकाता के सुप्रसिद्ध भजन गायक संजय मित्तल रहे। उन्होंने जैसे ही “तू खाटू बुलाता रहे और मैं आता रहूं” और “दिल चोरी साडा हो गया खाटू के मंदिर में” जैसे भजनों की स्वर लहरियां छेड़ीं, पूरा पांडाल भक्ति के उत्साह में झूम उठा। मित्तल की भावपूर्ण प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया और भक्त देर रात तक बाबा के जयकारों के साथ नृत्य करते रहे।

दिव्य सानिध्य और छप्पन भोग

भजन संध्या में मुस्कान मां महाराज (किन्नर अखाड़ा) और श्री श्रीराम पुजारी (सालासर धाम) का विशेष सानिध्य प्राप्त हुआ। बाबा के दरबार में छप्पन भोग का प्रसाद अर्पित किया गया। दीपों की झिलमिलाहट और पुष्पों की महक ने वातावरण को साक्षात खाटू धाम जैसा बना दिया।

इनका रहा विशेष सहयोग

आयोजन को सफल बनाने में संस्थान के संरक्षक डीके दाधीच, राजू अग्रवाल, अध्यक्ष पीयूष खंडेलवाल, सचिव शुभम खंडेलवाल और मीडिया प्रभारी गिरिराज बहेडिया सहित पूरी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सामूहिक आरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ, जिसमें हजारों कंठों से एक साथ “हारे के सहारे की जय” के उद्घोष गूंज उठे।

Tags

Next Story