जलसंकट के बीच हजारों लीटर पानी व्यर्थ: टेलीकॉम कंपनी की लापरवाही से पाइपलाइन क्षतिग्रस्त

जलसंकट के बीच हजारों लीटर पानी व्यर्थ: टेलीकॉम कंपनी की लापरवाही से पाइपलाइन क्षतिग्रस्त
X

भीलवाड़ा । भीषण गर्मी के दौर में जहां एक ओर आमजन बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहा है, वहीं दूसरी ओर विभागीय अनदेखी और निजी कंपनियों की लापरवाही के कारण हजारों लीटर स्वच्छ पेयजल सड़कों पर बह रहा है। ताजा मामला शहर के हलेड रोड स्थित भवानी नगर का है।

एक सप्ताह से बह रहा है पानी

वार्ड संख्या 53, श्री चमत्कार हनुमान मंदिर के सामने एक टेलीकॉम कंपनी द्वारा केबल डालने के लिए की गई खुदाई के दौरान पेयजल की मुख्य पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय निवासियों ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से इस लीकेज के कारण प्रतिदिन हजारों लीटर पानी व्यर्थ बहकर कीचड़ में तब्दील हो रहा है।

विभाग की चुप्पी से रोष

क्षेत्रवासियों का आरोप है कि इस गंभीर समस्या के बारे में संबंधित विभाग और अधिकारियों को कई बार सूचित किया जा चुका है, लेकिन सात दिन बीत जाने के बाद भी मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि एक तरफ प्रशासन जल संरक्षण की बात करता है, वहीं दूसरी तरफ आंखों के सामने हो रही इस बर्बादी पर कोई लगाम नहीं है।

जल्द मरम्मत की मांग

क्षेत्र के निवासियों ने जलदाय विभाग के उच्चाधिकारियों से मांग की है कि इस पाइपलाइन को तुरंत दुरुस्त करवाया जाए। यदि जल्द ही समाधान नहीं हुआ तो क्षेत्र में पेयजल किल्लत और अधिक गहरा सकती है।

Tags

Next Story