भीलवाड़ा जिले के 99 सरकारी स्कूलों में बनेंगे शौचालय

भीलवाड़ा जिले के 99 सरकारी स्कूलों में बनेंगे शौचालय
X

भीलवाड़ा। जिले के ग्रामीण अंचल के सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों, विशेषकर बालिकाओं के लिए राहत भरी खबर है। डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) के अंतर्गत जिले के 99 सरकारी स्कूलों में शौचालय निर्माण के लिए 3 करोड़ 68 लाख 28 हजार रुपए की वित्तीय स्वीकृति जारी की गई है।

जिला कलेक्टर एवं डीएमएफटी अध्यक्ष जसमीत सिंह संधू ने इस संबंध में स्वीकृति आदेश जारी कर दिए हैं। इससे आसींद, मांडल, सहाड़ा, शाहपुरा, जहाजपुर और मांडलगढ़ क्षेत्र के उन विद्यालयों को लाभ मिलेगा, जहां शौचालय नहीं थे अथवा जर्जर अवस्था में थे।

प्रति विद्यालय 3.72 लाख रुपए का बजट

आदेश के अनुसार प्रत्येक विद्यालय में शौचालय निर्माण के लिए 3.72 लाख रुपए निर्धारित किए गए हैं। कुल 99 कार्यों के लिए यह राशि स्वीकृत की गई है। कार्यकारी एजेंसी के रूप में अतिरिक्त जिला समन्वयक, समग्र शिक्षा अभियान को नियुक्त किया गया है। सभी कार्य विस्तृत तकमीने के आधार पर ही कराए जाएंगे।

इन ब्लॉकों के स्कूलों का हुआ चयन

डीएमएफटी की 12वीं गवर्निंग काउंसिल की बैठक में लिए गए निर्णय की अनुपालना में यह स्वीकृति दी गई है।

आसींद ब्लॉक के चैनपुरा, लाछूड़ा, मोड़ का निम्बाहेड़ा, शंभूगढ़, बरसनी सहित कई विद्यालय, मांडल ब्लॉक के मालोला, आरजिया, बोरड़ा, आटूण, चिताम्बा, करेड़ा, लादूवास, बेमाली, मेजा, सहाड़ा ब्लॉक के ओज्जाड़ा, नहरी, रायपुर, मोखुन्दा, देवरिया, गलवा तथा शाहपुरा और जहाजपुर ब्लॉक के सरगांव, सोनियाणा, बनेड़ा, पनोतिया, धनोप, खजूरी एवं शक्करगढ़ सहित अन्य विद्यालय शामिल हैं।

निगरानी के कड़े निर्देश

जिला कलेक्टर ने आदेश में स्पष्ट किया है कि कार्य प्रारंभ होने से पूर्व एवं पूर्ण होने के बाद अक्षांश-देशांतर सहित जीपीएस फोटो लेना अनिवार्य होगा। यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि स्वीकृत कार्य किसी अन्य योजना में पूर्व से स्वीकृत न हो।

कार्यादेश जारी होने व कार्य शुरू होने की सूचना के बाद ही 80 प्रतिशत राशि की पहली किस्त जारी की जाएगी। निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण नहीं होने की स्थिति में लागत वृद्धि की जिम्मेदारी कार्यकारी एजेंसी की होगी।

Tags

Next Story