चित्तौड़गढ़ में दर्दनाक हादसा: बेकाबू कंटेनर बाइक सवारों पर पलटा, दो युवकों की मौत

चित्तौड़गढ़ में दर्दनाक हादसा: बेकाबू कंटेनर बाइक सवारों पर पलटा, दो युवकों की मौत
X

चित्तौड़गढ़। उदयपुर-चित्तौड़गढ़ हाईवे पर सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में दो युवकों की जान चली गई। भदेसर क्षेत्र में बानसेन पुलिया के पास एक बेकाबू कंटेनर बाइक सवारों पर पलट गया, जिससे मौके पर ही दोनों की मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा दोपहर करीब 1 बजे हुआ। कंटेनर उदयपुर से चित्तौड़गढ़ की ओर आ रहा था, तभी बानसेन पुलिया पर अनियंत्रित होकर बाइक सवार दो युवकों को रौंदते हुए पलट गया। हादसे में एक युवक का सिर धड़ से अलग हो गया, जबकि दूसरा युवक कंटेनर के नीचे बुरी तरह दब गया।

पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान कपिल मेनारिया (30) पुत्र मोहन मेनारिया निवासी नगर पालिका कॉलोनी चित्तौड़गढ़ और अक्षित सोनी (24) पुत्र गोपाल सोनी निवासी सोनी मोहल्ला चित्तौड़गढ़ के रूप में हुई है। दोनों युवक फाइनेंस कंपनी में कार्यरत थे और किसी कार्य से बाइक पर जा रहे थे।

हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से कंटेनर को हटवाया गया। शवों को भदेसर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।

कपिल मेनारिया अपने पीछे 5 साल के बेटे को छोड़ गए हैं। उनके पिता ऑटो सर्विस की दुकान चलाते हैं और बड़ा भाई मैकेनिक है। अक्षित सोनी के परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।

Next Story