पीएम श्री विद्यालय आसींद में 'ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूजडे': साइबर अपराधों से बचाव के गुर सिखाए

आसींद (हलचल)। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, भीलवाड़ा के निर्देशानुसार मंगलवार को आसींद क्षेत्र में विधिक साक्षरता का प्रसार किया गया। 'ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूजडे' कार्यक्रम के तहत पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, आसींद में एक विशेष जागरूकता शिविर का आयोजन कर विद्यार्थियों को डिजिटल दुनिया के खतरों और सुरक्षा उपायों से अवगत कराया गया।
शिविर में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित न्यायिक मजिस्ट्रेट श्याम शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में साइबर अपराध एक गंभीर चुनौती बनकर उभरा है। उन्होंने ऑनलाइन फ्रॉड, फिशिंग, हैकिंग और साइबर बुलिंग जैसे विषयों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए इनसे बचने के व्यावहारिक तरीके समझाए। मजिस्ट्रेट शर्मा ने विशेष रूप से सचेत किया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के माध्यम से बनाए जा रहे भ्रामक वीडियो और सामग्री से गुमराह न हों।
तालुका सचिव निखिलेश जीनगर ने जानकारी दी कि रालसा जयपुर द्वारा 'एम्पावरिंग राजस्थान्स यूथ: ए लीगल लिटरेसी इनिशिएटिव' के अंतर्गत यह अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को कानूनी रूप से सशक्त बनाया जा रहा है। कार्यक्रम में छात्रों को डिजिटल सुरक्षा के लिए मजबूत पासवर्ड बनाने, ओटीपी साझा न करने और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के टिप्स दिए गए।
शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर 1930 की जानकारी दी
न्यायिक मजिस्ट्रेट ने स्पष्ट किया कि यदि कोई विद्यार्थी या उनका परिजन साइबर ठगी का शिकार होता है, तो बिना डरे तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। उन्होंने बच्चों को प्रेरित किया कि किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में चुप न रहें और अपने माता-पिता या शिक्षकों को तुरंत सूचित करें। इस दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य, स्टाफ सदस्य और तालुका पीएलवी भी उपस्थित रहे।
