ट्रेचिंग ग्राउंड बना पशुओं के लिए काल: पॉलीथीन खाने से हरणी गांव में 5 गायों की मौत, ग्रामीणों में भारी आक्रोश
भीलवाड़ा । शहर के बाहरी क्षेत्रों में स्थित कचरा निस्तारण केंद्र (ट्रेचिंग ग्राउंड) अब मूक पशुओं के लिए डेथ वारंट साबित हो रहे हैं। तिलक नगर, पंचवटी, तेजसिंह सर्किल और हरणी महादेव क्षेत्र के पास स्थित ट्रेचिंग ग्राउंड में जमा गंदगी और पॉलीथीन के कारण क्षेत्र के पालतू पशु गंभीर बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। ताजा मामला हरणी गांव का है, जहां पिछले दो दिनों के भीतर पांच गायों ने दम तोड़ दिया है।
गंदगी और पॉलीथीन का अंबार
ग्रामीणों ने बताया कि ट्रेचिंग ग्राउंड का क्षेत्र खुला होने और ग्रामीण परिवेश से सटा होने के कारण यहां बड़ी संख्या में पालतू पशु चरने के लिए पहुंच जाते हैं। कचरे के ढेरों में फैली पॉलीथीन और जहरीली गंदगी को खाने से पशुओं का पाचन तंत्र खराब हो रहा है। हरणी गांव की करीब एक दर्जन गायें वर्तमान में बीमार हैं, जिनका उपचार चल रहा है। लगातार हो रही मौतों से पशुपालकों को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है।
प्रशासन के खिलाफ पनपा रोष
गायों की असमय मौत के बाद हरणी और आसपास के ग्रामीणों में प्रशासन के खिलाफ गहरा आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि ट्रेचिंग ग्राउंड की उचित घेराबंदी नहीं होने और कचरा प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम न होने से यह स्थिति पैदा हुई है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया और पशुओं के बचाव के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो क्षेत्रवासी बड़ा आंदोलन करेंगे।
