भीलवाड़ा डेयरी की कमान त्रिभुवन पाटीदार को

भीलवाड़ा डेयरी की कमान त्रिभुवन पाटीदार को
X

भीलवाड़ा। राजस्थान को-ऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन ने प्रशासनिक ढांचे में बड़ा बदलाव करते हुए कई जिला दुग्ध संघों के प्रबंध संचालकों के तबादले और पदस्थापन किए हैं। इस फेरबदल में भीलवाड़ा डेयरी का जिम्मा अब त्रिभुवन पाटीदार को सौंपा गया है।

आरसीडीएफ की ओर से जारी आदेश के अनुसार भीलवाड़ा जिला दुग्ध संघ में सहायक प्रबंधक (संयंत्र) के पद पर कार्यरत त्रिभुवन पाटीदार को उनके वर्तमान कार्य के साथ-साथ तत्काल प्रभाव से भीलवाड़ा डेयरी के प्रबंध संचालक का कार्यभार सौंपा गया है। उन्हें पद से जुड़ी प्रशासनिक और वित्तीय शक्तियां भी प्रदान की गई हैं।

वहीं, भीलवाड़ा डेयरी में अब तक प्रबंध संचालक का कार्यभार संभाल रहे दिव्यम कुपरिया, जो महाप्रबंधक (संयंत्र) के पद पर कार्यरत थे, का स्थानांतरण पाली जिला दुग्ध संघ में प्रबंध संचालक के पद पर कर दिया गया है।

फेडरेशन द्वारा जारी आदेशों में कुल पांच अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इनमें मदनलाल को पाली दुग्ध संघ से हटाकर नागौर जिला दुग्ध संघ का प्रबंध संचालक नियुक्त किया गया है। राजकुमार शर्मा को बांसवाड़ा दुग्ध संघ के प्रबंध संचालक पद से हटाकर अब बाड़मेर जिला दुग्ध संघ की कमान सौंपी गई है। देवी लाल, सहायक प्रबंधक (पीएंडआई), को पदोन्नत करते हुए बांसवाड़ा दुग्ध संघ का प्रबंध संचालक बनाया गया है। वहीं कपिल स्वामी को बाड़मेर दुग्ध संघ के एमडी पद से हटाकर बीकानेर जिला दुग्ध संघ में सहायक प्रबंधक (संयंत्र) के पद पर लगाया गया है।

Tags

Next Story