स्वतंत्रता सेनानी सुशीला माथुर की 15वीं पुण्यतिथि पर महिला आश्रम संस्था में श्रद्धांजलि और प्रेरणा दिवस का आयोजन

भीलवाड़ा। स्वतंत्रता सेनानी एवं महिला आश्रम संस्था की निवर्तमान अध्यक्ष स्व. सुशीला देवी माथुर की 15वीं पुण्यतिथि पर संस्था के प्रबंधन, स्टाफ, छात्राओं और भीलवाड़ा के गणमान्य नागरिकों ने पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर को प्रेरणा दिवस के रूप में मनाया गया।
महिला आश्रम संस्था की विभिन्न गतिविधियों में शिक्षा और खेलकूद के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 70 प्रतिभावान छात्राओं को प्रेरणा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। छात्राओं ने प्रेरणादायी गीतों के माध्यम से स्व. सुशीला माथुर को श्रद्धांजलि अर्पित की।
संस्था की सचिव वंदना माथुर ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि स्व. सुशीला माथुर का संपूर्ण जीवन नारी शिक्षा को समर्पित था। उनकी प्रेरणा से महिला आश्रम संस्था निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने छात्राओं से कहा कि वे एक ऐतिहासिक एवं गौरवशाली संस्थान में अध्ययन कर रही हैं, जिसकी स्थापना स्वतंत्रता से पूर्व हुई थी।
संस्था की डायरेक्टर विभा माथुर ने कहा कि हमें स्व. सुशीला माथुर के जीवन से निरंतर प्रेरणा लेनी चाहिए। महिला आश्रम विद्यालय से शिक्षा प्राप्त छात्राएं आज न केवल देश में बल्कि विदेशों में भी उच्च और प्रतिष्ठित पदों पर कार्यरत हैं।
कार्यक्रम में भीलवाड़ा ग्रामीण कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामलाल जाट ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए स्व. सुशीला माथुर एवं पूर्व मुख्यमंत्री स्व. शिवचरण माथुर के योगदान को याद किया। महिला आश्रम संस्था के कोषाध्यक्ष प्रमोद तिवारी और नगर विकास न्यास के पूर्व अध्यक्ष कैलाश व्यास ने महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में स्व. सुशीला माथुर के उत्कृष्ट योगदान पर प्रकाश डाला।
पूर्व सभापति नगर परिषद ओम नारायणीवाल, महिला आश्रम संस्था सदस्य सुमित्रा कांटिया, भीलवाड़ा कांग्रेस पेंशन प्रकोष्ठ के पूर्व जिलाध्यक्ष निरंजन राजस्थला, पूर्व सरपंच देवबाश जाट, पूर्व पंचायत समिति सदस्य राजेश क्षत्रिय, पूर्व प्रधान भंवरलाल गर्ग, पूर्व उपाध्यक्ष भीलवाड़ा नगर पालिका राजेन्द्र मारू, कैलाश तिवारी सहित अनेक गणमान्यजन इस अवसर पर उपस्थित रहे।
शिवचरण माथुर विकास एवं सेवा संस्थान की ओर से श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली छात्राओं पिंकी जाट और पूजा शर्मा को नकद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसी अवसर पर रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
