भीलवाड़ा में ’त्रिमूर्ति शिव जयंती महोत्सव’ का समापन: अमरनाथ और वैष्णो देवी की गुफाओं ने मोहा श्रद्धालुओं का मन

भीलवाड़ा में ’त्रिमूर्ति शिव जयंती महोत्सव’ का समापन: अमरनाथ और वैष्णो देवी की गुफाओं ने मोहा श्रद्धालुओं का मन
X

भीलवाड़ा -महाशिवरात्रि के पावन पर्व के उपलक्ष्य में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा आयोजित दो दिवसीय ’त्रिमूर्ति शिव जयंती महोत्सव’ सोमवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। हरनी महादेव रोड स्थित स्मृति वन के समीप ब्रह्माकुमारीज केंद्र पर आयोजित इस महोत्सव में हज़ारों की संख्या में भीलवाड़ावासियों ने आध्यात्मिक शांति और आनंद का लाभ लिया।

मीडिया प्रभारी अशोक कोरानी ने बताया कि इस दो दिवसीय आयोजन में अमरनाथ और मां वैष्णो देवी की भव्य गुफाएं मुख्य आकर्षण का केंद्र रहीं। श्रद्धालुओं ने गुफा के भीतर साक्षात् दर्शन जैसा अनुभव किया। इसके साथ ही एक ही स्थान पर द्वादश ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कर भक्तों ने स्वयं को धन्य महसूस किया। महोत्सव में सजाए गए ’सतयुगी राजदरबार’ की सजीव झांकी ने लोगों को देवत्व और मर्यादा से परिपूर्ण प्राचीन संस्कृति की याद दिला दी।

सेवाकेंद्र संचालिका बीके तरुणा ने बताया कि इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य जन-मानस में आध्यात्मिक चेतना जगाना था। आध्यात्मिक कला दीर्घा और प्रदर्शनी के माध्यम से ईश्वरीय ज्ञान का प्रभावी प्रदर्शन किया गया। प्रातः 7 बजे से रात्रि 9 बजे तक चले इस आयोजन में बड़ी संख्या में परिवारों ने शिरकत की और राजयोग साधना के माध्यम से मानसिक शांति की अनुभूति की।

संस्थान की ओर से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी स्वयंसेवकों और धर्मप्रेमी जनता का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम के समापन पर प्रसाद वितरण किया गया और विश्व शांति की कामना के साथ शिव ध्वज फहराया गया।

Next Story