खांखरा वाले देवता स्‍थल पर दो दिवसीय धार्मिक व सामाजिक उत्सव संपन्न

खांखरा वाले देवता स्‍थल पर दो दिवसीय धार्मिक व सामाजिक उत्सव संपन्न
X

भीलवाड़ा । श्री खांखरा वाले देवता इन्द्रा मार्केट के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों की श्रृंखला का भव्य समापन हुआ। सांगानेर स्थित महेश भवन में आयोजित इन कार्यक्रमों में भक्ति और सेवा का अनूठा संगम देखने को मिला।

भक्ति में लीन हुए श्रद्धालु: तेरस की पूर्व संध्या पर आयोजित संगीतमय सुन्दरकाण्ड पाठ में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने शिरकत की। कार्यक्रम संयोजक अशोक चेचाणी के अनुसार, राष्ट्रीय संत पं. मिथिलेश नागर के मुखारविंद से हुए पाठ ने पूरे वातावरण को राममय कर दिया। श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से हनुमानजी के जयकारे लगाए, जिससे पूरा परिसर गुंजायमान हो उठा।

बेटियों और युवाओं को राष्ट्रभक्ति का संदेश: पं. मिथिलेश नागर ने अपने उद्बोधन में युवाओं और बेटियों में राष्ट्र प्रेम की भावना जागृत करने का आह्वान किया। उन्होंने वर्तमान दौर की चुनौतियों पर चर्चा करते हुए 'लव जिहाद' व सोशल मीडिया के दुरुपयोग के प्रति सचेत किया। उन्होंने दो टूक कहा कि किसी भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अनजान व्यक्ति को तब तक फॉलो न करें, जब तक आप उसे और उसके परिवार को व्यक्तिगत रूप से नहीं जानते। यह सतर्कता ही भविष्य की मुश्किलों से बचाव का एकमात्र रास्ता है।

निशुल्क चिकित्सा शिविर में उमड़ी भीड़: उत्सव के दूसरे दिन सुबह महेश भवन में निशुल्क चिकित्सा जांच शिविर लगाया गया। शिविर में ब्लड प्रेशर और शुगर की जांच के साथ-साथ विशेषज्ञों द्वारा परामर्श दिया गया। सैकड़ों मरीजों को निशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। कार्यक्रम के अंतिम चरण में भगवान चारभुजानाथ की प्रसादी का आयोजन हुआ, जिसमें हजारों भक्तों ने महाप्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर समिति के सदस्य, समाजसेवी और बड़ी संख्या में भक्तगण मौजूद रहे।

Next Story