रोजगार से जोडने वाले दो नए एपेरल व आइटी के सर्टिफिकेट कोर्स राजकीय कन्या महाविद्यालय में होंगे शुरू

भीलवाड़ा। राजस्थान सरकार की ओर से युवाओं को उद्योग की जरूरतों के अनुरूप तैयार करने के लिए फिनिशिंग स्कूल प्रोग्राम की शुरुआत की जा रही है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य स्नातक एवं स्नातकोत्तर के अंतिम वर्ष की एवं पासआउट छात्राओं को व्यावसायिक प्रशिक्षण प्रदान करना है।
सेठ मुरलीधर मानसिंहका राजकीय कन्या महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ0 सावन कुमार जांगिड़ ने बताया कि महाविद्यालय में एपेरल तथा आइटी क्षेत्र से जुड़े सर्टिफिकेट कोर्स शीघ्र शुरू किए जाएंगे। इनमें एंडवांस पेर्टन मैकर और फुल स्टैक वेब डवलपमेन्ट कोर्स पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे। प्रत्येक पाठ्यक्रम में अधिकतम 60 तथा न्यूनतम 20 सीटें निर्धारित की गई है। इन कोर्सों के तहत विद्यार्थियों को 510 से 540 घंटे का प्रशिक्षण दिया जाएगा जिसमें 70 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य है।
उन्होंने बताया कि उद्योग जगत के सहयोग से संचालित इस कार्यक्रम में प्रशिक्षित युवाओं के लिए न्यूनतम 70 प्रतिशत रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। कोर्स की फीस श्रेणी के अनुसार निर्धारित होगी।
