पत्रकार पर हमले के विरोध में अल्टीमेटम, उच्च स्तरीय जांच की मांग, 72 घंटे में फरार आरोपी गिरफ्तार नहीं तो धरना प्रदर्शन

बिजौलिया (हलचल)। थाना क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार श्याम विजय पर हुए जानलेवा हमले के विरोध में सोमवार को क्षेत्र के पत्रकारों का आक्रोश फूट पड़ा। आरोपियों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर प्रेस ट्रस्ट के बैनर तले मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार ललित डीडवानिया को ज्ञापन सौंपा गया। पत्रकारों ने दो टूक चेतावनी दी है कि यदि 72 घंटे के भीतर शेष आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो नगरपालिका चौक पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा।
घर के बाहर हुआ था हमला, लूट के भी आरोप
ज्ञापन के अनुसार, घटना 1 अप्रैल 2026 की रात करीब 9:10 बजे की है, जब पत्रकार श्याम विजय अपने घर के बाहर थे। घात लगाकर बैठे हमलावरों ने उनका रास्ता रोका और जानलेवा हमला कर दिया। मारपीट के दौरान हमलावर उनके गले से 30 ग्राम सोने की चेन और 11 हजार रुपये नकदी भी लूट ले गए। घटना को लेकर बिजौलिया थाने में मामला दर्ज है।
दबाव में कार्रवाई न होने का आरोप
पत्रकारों ने बताया कि पुलिस ने एक नामजद सहित दो लोगों को हिरासत में लिया है, जो सराहनीय है। हालांकि, मुख्य आरोपी योगेश अहीर (संविदा कर्मचारी, नगरपालिका) सहित अन्य आरोपी अब भी फरार हैं। प्रेस ट्रस्ट का आरोप है कि राजनीतिक और प्रशासनिक दबाव के चलते पुलिस मुख्य आरोपियों पर हाथ डालने से बच रही है, जिससे क्षेत्र के पत्रकारों में असुरक्षा और भय का माहौल है।
मुख्यमंत्री से की गई प्रमुख मांगें:
मामले की उच्च स्तरीय और पूरी तरह पारदर्शी जांच सुनिश्चित की जाए।
नामजद आरोपी योगेश अहीर को नगरपालिका की सेवा से तत्काल कार्यमुक्त किया जाए।
पीड़ित पत्रकार को प्रशासन द्वारा सुरक्षा मुहैया कराई जाए।
प्रदेश में पत्रकारों की सुरक्षा हेतु ठोस नीति (एडवोकेसी एक्ट) लागू की जाए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान भारी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर इस तरह के हमले बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। यदि प्रशासन समय रहते नहीं जागा, तो आंदोलन को उग्र रूप दिया जाएगा।
