केंद्रीय बजट देश के सर्वांगीण विकास का रोडमैप: मंत्री सुरेश सिंह रावत

भीलवाड़ा। केंद्रीय बजट को लेकर जल संसाधन विभाग के मंत्री सुरेश सिंह रावत ने सोमवार को सर्किट हाउस में मीडियाकर्मियों के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की। इस दौरान उन्होंने बजट की प्रमुख विशेषताओं पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि यह बजट देश के सर्वांगीण विकास, आर्थिक मजबूती और आमजन के हितों को ध्यान में रखकर प्रस्तुत किया गया है।
मंत्री रावत ने कहा कि केंद्रीय बजट में गरीब, किसान, युवा और मध्यम वर्ग को केंद्र में रखा गया है। बजट के माध्यम से रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी तथा ग्रामीण और शहरी विकास को नई गति प्राप्त होगी। उन्होंने बताया कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, ऊर्जा और सामाजिक सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में किए गए प्रावधान देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
उन्होंने कहा कि यह बजट राज्यों के साथ समन्वय को मजबूत करेगा और स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगा। साथ ही वित्तीय अनुशासन बनाए रखते हुए विकास को प्राथमिकता दी गई है, जो आने वाले समय में देश की अर्थव्यवस्था को और सुदृढ़ करेगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान यह भी बताया गया कि केंद्र सरकार का यह बजट सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास की भावना को साकार करता है। मंत्री श्री रावत ने टेक्सटाइल सिटी भीलवाड़ा को बजट से होने वाले विशेष लाभ, ईआरसीपी परियोजना तथा माही और जाखम नदी से मेजा बांध में पानी लाने की संभावनाओं सहित विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखे। मीडियाकर्मियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों के उन्होंने सहजता से उत्तर दिए।
प्रेस वार्ता से पूर्व सर्किट हाउस पहुंचने पर मंत्री रावत को पुलिस दल द्वारा सलामी दी गई। इस अवसर पर जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू, मांडलगढ़ विधायक गोपाल लाल खंडेलवाल, शहर विधायक अशोक कोठारी, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि प्रशांत मेवाड़ा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और विभिन्न मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
