लायन्स क्लब भीलवाड़ा की अनूठी पहल: ’नेत्र ज्योति वाहन’ का हुआ शुभारंभ

लायन्स क्लब भीलवाड़ा की अनूठी पहल: ’नेत्र ज्योति वाहन’ का हुआ शुभारंभ
X

भीलवाड़ा -लायन्स क्लब के प्रान्तपाल रामकिशोर गर्ग द्वारा दिये स्लोगन ’आओ खुशियां बांटे’ के तहत सेवा प्रकल्पों की कड़ी में लायन्स क्लब, भीलवाड़ा द्वारा नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए ’नेत्र ज्योति वाहन’ (लायन आई एम्बुलेंस) का विधिवत शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए क्लब अध्यक्ष लायन पवन पंवार (एडवोकेट) ने बताया कि इस एम्बुलेंस सेवा का मुख्य उद्देश्य जिले के उन बच्चों और जरूरतमंदों तक पहुँचना है जो आर्थिक या भौगोलिक कारणों से आंखों की जांच नहीं करा पाते। यह वाहन विभिन्न विद्यालयों और दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर निःशुल्क नेत्र जाँच, चश्मा वितरण एवं प्राथमिक उपचार की सुविधा उपलब्ध कराएगा।

क्लब सचिव राजेश ढाका ने बताया कि समारोह में मुख्य अतिथि प्रान्तपाल रामकिशोर गर्ग, विशिष्ट अतिथि लायन निशांत जैन एवं लायन विनोद सिंघवी ने इस प्रकल्प की सराहना की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आंखों की बीमारियों के प्रति जागरूकता की कमी है, ऐसे में यह चलता-फिरता अस्पताल (आई एम्बुलेंस) समाज के लिए अत्यंत उपयोगी और प्रेरणादायी सिद्ध होगा। ट्रस्ट के चैयरमेन लायन जे.के. बागडोदिया, हॉस्पिटल प्रभारी एल.बी. रांका, जे.पी. अग्रवाल, ओमप्रकाश काबरा की एम्बुलेंस बनवाने में विशेष भूमिका रही।

इस अवसर पर प्रांत केबिनेट सचिव अशोक जैन, रीजन एडवाईजर सुधीर राठी, क्लब सदस्य लायन जी.सी. जैन, लायन ललित सांखला, लायन विनोद मानसिंहका, पूर्व आरसी लायन राकेश पगारिया, लायन प्रवीण गर्ग, लायन त्रिलोक सोनी, लियो अध्यक्ष प्रियांश सांखला, टेक्सटाईल सिटी अध्यक्ष अनिल गग्गड़ सहित क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सेवा के इस महायज्ञ को सफल बनाने और घर-घर तक नेत्र ज्योति पहुँचाने का सामूहिक संकल्प लिया।

Next Story