पुष्कर में वैष्णव ब्राह्मण सेवा समिति द्वारा द्वितीय आदर्श निशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन संपन्न

भीलवाड़ा। पुष्कर में वैष्णव ब्राह्मण सेवा समिति संभाग अजमेर के तत्वावधान में द्वितीय आदर्श निशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया गया। रामस्नेही गार्डन में हुए इस सम्मेलन में समाज के 17 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे।
दो दिवसीय विवाह महोत्सव की शुरुआत ध्वजारोहण के साथ हुई। इसके बाद विनायक स्थापना और कलश यात्रा निकाली गई, जिसने धार्मिक माहौल को और भव्य बना दिया। शाम को आयोजित महिला संगीत संध्या में समाज की महिलाओं ने पारंपरिक गीतों की प्रस्तुति दी, जिसने सभी का मन मोह लिया।
शनिवार को पुष्कर में उत्सव का माहौल रहा। सभी 17 जोड़ों की सामूहिक बिंदौरी यात्रा कस्बे के मुख्य मार्गों से गुजरी। इस दौरान स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में दहेज मुक्त विवाह की परंपरा को बढ़ावा देना और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सहयोग प्रदान करना है।
सम्मेलन में सैकड़ों समाजबंधु, गणमान्य नागरिक और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। मंच से समाज के वरिष्ठजनों ने एकता, शिक्षा और संस्कारों पर बल देते हुए ऐसे आयोजनों को समाज सुधार का प्रतीक बताया। कार्यक्रम के अंत में समिति की ओर से सभी नवविवाहित जोड़ों को गृह उपयोगी उपहार भेंट किए गए। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह सम्मेलन का सफलतापूर्वक समापन हुआ।
