तुलसीदास जयंती पर आज होंगे विभिन्न कार्यक्रम

भीलवाड़ा, । श्री रामधाम रामायण मंडल ट्रस्ट द्वारा हमीरगढ़ रोड स्थित रामधाम में तुलसीदास जयंती की तैयारियां जोरों पर ट्रस्ट की ओर से आगामी 31 जुलाई को तुलसीदास जयंती महोत्सव शुरू हो गया हैं। ट्रस्ट प्रवक्ता गोविंद प्रसाद सोडानी ने बताया कि मंगलवार को रामायण पर स्वामी अच्युतानंद के सानिध्य एवं अनिल भाई के नेतृत्व में अंताक्षरी का सफल आयोजन किया गया। बुधवार सुबह 10:30 बजे से रामचरितमानस अखंड पाठ शुरू हुआ। पाठ में दो-दो घंटे के अंतराल में भक्त बदल रहे हैं। पाठ की पूर्णाहुति गुरुवार सुबह 7:30 बजे होगी। गुरुवार सुबह 9 बजे से 10:30 बजे तक तुलसीदास जयंती के उपलक्ष में संत समागम का आयोजन होगा, जिसमें संत रामदास रामायणी, परिव्राजाचार्य स्वामी अच्युतानंद (केदारखंड) और वेदांताचार्य संत ज्ञानानंद (हरिद्वार) शामिल होंगे। चातुर्मास प्रवचन के तहत बुधवार सुबह केदारखंड स्थित अगस्त्य मुनि आश्रम से पधारे स्वामी अच्युतानंद ने अपने प्रवचन में कहा कि रामचरितमानस गोस्वामी तुलसीदास द्वारा रचित एक महाकाव्य है जो भगवान श्री राम के जीवन और आदर्शों पर आधारित है। यह अवधी भाषा में लिखी गई है और भारतीय संस्कृति में इसका अत्यधिक महत्व है। मानस धर्म, नीति, प्रेम, भक्ति और त्याग जैसे मानवीय मूल्यों का सुंदर चित्रण करती है। इसमें राम को एक आदर्श पुत्र, भाई, पति और राजा के रूप में दर्शाया गया है, जिनके जीवन से हम बहुत कुछ सीख सकते हैं। यह ग्रंथ भक्ति मार्ग का अनुसरण करने वालों के लिए एक प्रेरणास्रोत है और इसका पाठ आध्यात्मिक शांति प्रदान करता है। कार्यक्रम के अंत में भजन और राम नाम संकीर्तन हुआ। ट्रस्ट के सचिव अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि चातुर्मास प्रवचन का यह आध्यात्मिक आयोजन प्रतिदिन सुबह 9 बजे से रामधाम में हो रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु धर्मलाभ ले रहे हैं। इसके अतिरिक्त, श्रावण मास के पावन अवसर पर शिवालय में भी विशेष धार्मिक अनुष्ठान किए जा रहे हैं। पंडित सुशील शुक्ला, पंडित रमाकांत शर्मा और पंडित रामू आचार्य सहित अन्य विद्वान पंडितों के मंत्रोच्चार के बीच प्रतिदिन सुबह और शाम भगवान शिव का अभिषेक और श्रृंगार किया जा रहा है, जिससे रामधाम का वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।