उदलियास में सब्जी विक्रेता पर हमला, दो गुटों में चली लाठियां और पत्थर

भीलवाड़ा (राघव सोमानी)। बड़लियास थाना क्षेत्र के अंतर्गत उदलियास पंचायत में सब्जी बेचने गए एक युवक पर जानलेवा हमला होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद दो पक्षों में जमकर लाठी-भाटा जंग हुई, जिसमें दोनों पक्षों के लोग घायल हुए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उदलियास निवासी नोला राम सालवी जब सब्जी बेचने के लिए कांजर बस्ती गया था, तभी वहां किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि कैलाश, राकेश और सुडा कंजर ने नोला राम पर हमला बोल दिया। हमले में नोला राम गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद भीलवाड़ा जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
दूसरी ओर, संघर्ष में सुडा कंजर को भी चोटें आई हैं, जिसे भी इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
घायल नोला राम के परिजनों—कमलेश, बबलू और मुकेश—ने बताया कि ये लोग आए दिन आए दिन झगड़ा करते हैं। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपियों द्वारा उनके खेतों के रास्ते पर भी अक्सर विवाद किया जाता है। परिजनों ने बताया कि इस संबंध में पहले भी बड़लियास थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्यवाही नहीं की गई। परिजनों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सख्त एक्शन नहीं लिया गया, तो कभी भी बड़ी जनहानि हो सकती है।
